Lucknow News: भारत सरकार द्वारा खाद्यान्न खरीद सुधारों पर कार्यशाला आयोजित
केंद्र और यूपी सरकार के बड़े अफसरों ने खाद्यान्न खरीद में पारदर्शिता, दक्षता व डिजिटल एकीकरण पर की चर्चा
Sandesh Wahak Digital Desk: उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के तहत खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (डीएफपीडी), भारत सरकार ने शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लिए खाद्यान्न खरीद सुधारों पर पांचवीं राज्य-स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला की अध्यक्षता भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशकआशुतोष अग्निहोत्री ने की।

इस अवसर पर भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें सी. शिखा संयुक्त सचिव (नीति एवं एफसीआई), अनीता कर्ण, संयुक्त सचिव (भंडारण) और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला का आयोजन डीएफपीडी की ओर से प्रशांत शर्मा, महाप्रबंधक (उत्तर प्रदेश), भारतीय खाद्य निगम द्वारा किया गया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद रणवीर प्रसाद और खाद्य आयुक्त भूपेंद्र चौधरी अपनी 100 से अधिक अफसरों की टीम के साथ उपस्थित रहे।
राज्य एवं जिला-स्तरीय क्रय एजेंसियों से जुड़े कुल 169 अफसरों ने कार्यशाला में भाग लिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य खाद्यान्न खरीद में पारदर्शिता, दक्षता एवं डिजिटल एकीकरण को बढ़ावा देना था। इसमें पीसीएसएपी, सीएफपीपी, सीएफएसपी, एग्री-स्टैक, स्कैन मॉड्यूल और अन्य नीति सुधारों जैसे प्रमुख पहलों पर चर्चा की गई।
यह कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा 18 प्रमुख क्रय करने वाले राज्यों में आयोजित कार्यशालाओं की श्रृंखला का हिस्सा है। इससे पहले ऐसी कार्यशालाएँ चेन्नई, रायपुर और चंडीगढ़ में हो चुकी हैं। आगामी धान क्रय सत्र को ध्यान में रखते हुए यह भारत सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है।
Also Read: Lucknow News: संचारी रोगों पर रोकथाम के लिए नगर निगम का अभियान जारी

