Lucknow News: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने SGPGI के छात्रों को दिया ग्रामीण सेवा का मंत्र

Sandesh Wahak Digital Desk: मंगलवार को लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) का 29वां दीक्षांत समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उपाधि पाने वाले छात्रों से ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा करने का आह्वान किया।

 

‘जीवन में पांच मरीजों का मुफ्त इलाज करें’

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने छात्रों से कहा कि वे जीवन में कम से कम पांच मरीजों का मुफ्त में इलाज करने का संकल्प लें। उन्होंने जोर देकर कहा आपकी चिकित्सीय सेवाओं का आधार सहानुभूति होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि संसाधनों का पूरा इस्तेमाल होना चाहिए और उन्हें बेकार नहीं छोड़ना चाहिए।

इस समारोह में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण भी मौजूद थे। मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट प्रो. डी. नागेश्वर रेड्डी शामिल हुए, जो पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण तीनों पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय चिकित्सक हैं।

 

दो पुस्तकों का विमोचन, मेधावी छात्रों को सम्मान

समारोह के दौरान संस्थान के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रो. आदित्य कपूर की लिखी दो पुस्तकों – ‘योगा कॉफी टेबल बुक’ और ‘हैंड बुक ऑफ कार्डिएक नर्सिंग केयर’ का विमोचन किया गया। राज्यपाल ने इस मौके पर मेधावी छात्रों को प्रोफेसर सब्य साची सरकार पुरस्कार, प्रो. एस.आर. नाइक पुरस्कार और प्रो. एस.एस. अग्रवाल पुरस्कार जैसे सम्मान प्रदान किए। संस्थान के निदेशक प्रो. आर.के. धीमान ने एसजीपीजीआई की प्रगति रिपोर्ट और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने उपाधि विजेताओं को बधाई दी और कहा कि चिकित्सा का पेशा मानवता की सेवा से जुड़ा है, आर्थिक पहलू बाद में आता है। इस मौके पर राज्यपाल ने कुछ स्कूली छात्रों और पांच आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया।

Also Read: Siddharthnagar News: अफवाहों से बचने और ड्रोन की जानकारी देने की अपील, DIG बस्ती ने लगाई जनचौपाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.