Lucknow News: तीन दिवसीय राज्य युवा उत्सव का भव्य उद्घाटन, मंत्री गिरीश चन्द्र रहे मौजूद
Lucknow News: युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा राज्य युवा उत्सव 2025-26 का आयोजन लखनऊ के इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में 22 से 24 दिसम्बर तक किया जा रहा है। यह वार्षिक आयोजन जनपद एवं मण्डल स्तरीय युवा उत्सव के उपरान्त होता है और युवा प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने तथा एक-दूसरे से सीखने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। इस वर्ष प्रदेश के सभी मण्डलों के विजेता प्रतिभागी कल्चरल एवं इनोवेशन ट्रैक की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं।
मंत्री गिरीश चन्द्र यादव रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम के पहले दिन आयोजित उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), युवा कल्याण एवं खेल, उत्तर प्रदेश श्री गिरीश चन्द्र यादव रहे। उनका स्वागत सचिव एवं महानिदेशक, युवा कल्याण श्री सुहास एल.वाई. द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा एक-दूसरे का पुष्पगुच्छ के साथ स्वागत किया गया, जिसमें संयुक्त निदेशक श्री अशोक कुमार कनौजिया एवं उप निदेशक श्री आदित्य कुमार शामिल रहे।
उप निदेशक श्री अजात शत्रु शाही ने इस अवसर पर राज्य युवा उत्सव के विषय-वस्तु एवं कार्यक्रम के महत्वपूर्ण बिन्दुओं का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया। इसके उपरान्त प्रयागराज, गोरखपुर एवं लखनऊ मण्डल के प्रतिभागियों ने लोकनृत्य एवं लोकगीत के मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

युवाओं को किया प्रोत्साहित
मुख्य अतिथि श्री गिरीश चन्द्र यादव ने युवा उत्सव के सफल आयोजन हेतु विभाग को शुभकामनाएं दीं तथा युवा प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से निरंतर अभ्यास करते हुए अपनी प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतिभागियों को आगामी राष्ट्रीय युवा उत्सव में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी करने का संदेश दिया।
मंत्री जी ने युवाओं के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि चयनित युवा राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाएं। उन्होंने सभी युवाओं को हार-जीत से ऊपर उठकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

विज्ञान प्रदर्शनी का हुआ उद्घाटन
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद मुख्य अतिथि ने इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान परिसर में आयोजित साइंस मेला (विज्ञान प्रदर्शनी) का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागी युवाओं द्वारा नवोन्मेषी विचारों के साथ बनाए गए विभिन्न मॉडल्स का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। इस वर्ष के उत्सव में कल्चरल ट्रैक के तहत लोकगीत, लोकनृत्य, कहानी लेखन, कविता, डिक्लेमेशन व पेंटिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
मंत्री जी के संदेश एवं आशीर्वाद के बाद उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया गया। सचिव एवं महानिदेशक श्री सुहास एल.वाई. ने मंत्री जी का युवाओं के बीच उपस्थित होकर उन्हें प्रोत्साहित करने तथा नई ऊर्जा प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभाग के समस्त वरिष्ठ अधिकारी, मण्डलीय उप निदेशकगण, विभिन्न विधाओं के निर्णायक तथा शासन के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Also Read: CM योगी के दो नमूने वाले बयान पर अखिलेश यादव का पलटवार

