Lucknow News: कैसरबाग में दिल दहला देने वाली वारदात, पुलिस पूछताछ में खुली चौंकाने वाली सच्चाई
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी में मंगलवार को रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पुलिस से लेकर आमजन तक को झकझोर कर रख दिया। यहां एक मां ने अपने प्रेमी के साथ जिंदगी बिताने और पूर्व पति को फंसाने की साजिश में अपनी मासूम 5 साल की बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
मामला कैसरबाग थाना क्षेत्र के खंदारी बाजार इलाके का है। आरोपी महिला रोशनी खान ने सोमवार देर रात पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर आरोप लगाया कि उसके पति शाहरुख खान ने उनकी बेटी की हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। बच्ची का शव कमरे में पड़ा था, लेकिन जांच के दौरान रोशनी बार-बार अपना बयान बदलती रही, जिससे पुलिस को शक हुआ।
इंस्पेक्टर कैसरबाग के मुताबिक, जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो रोशनी टूट गई और सारा सच उगल दिया। उसने कबूल किया कि बच्ची की हत्या उसी ने की थी और वजह थी उसका प्रेम संबंध।
लिव-इन में रह रही थी महिला, पति पर झूठा आरोप गढ़ा
रोशनी ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति शाहरुख से कई साल पहले अलग हो चुकी थी और अब उदित जायसवाल नामक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बच्ची की कस्टडी उसके पास ही थी।
घटना वाले दिन शाहरुख अपनी बेटी से मिलने आया था। इस दौरान रोशनी और शाहरुख के बीच झगड़ा हुआ। इसी गुस्से और झुंझलाहट में, और शायद सोची-समझी साजिश के तहत, रोशनी ने मासूम का गला घोंट दिया।
बाद में उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही फोन कर दिया और पति पर हत्या का झूठा आरोप मढ़ने की कोशिश की। वह शव के पास बैठकर रोती रही ताकि कहानी पर यकीन किया जा सके।
पुलिस जांच में उजागर हुआ खौफनाक सच
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की, जिसके बाद कई तथ्य महिला के दावे से मेल नहीं खा रहे थे। इस पर रोशनी से कड़ाई से पूछताछ की गई और फिर उसकी साजिश सामने आ गई। फिलहाल पुलिस ने रोशनी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही जिस कमरे में यह घटना हुई, उसे सील कर दिया गया है।
पुलिस उसके लिव-इन पार्टनर उदित की भूमिका की भी जांच कर रही है कि हत्या की इस साजिश में उसका कोई रोल था या नहीं।
मासूम की हत्या से इलाके में शोक और गुस्सा
इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। पड़ोसी और स्थानीय लोग इस अमानवीय कृत्य को सुनकर स्तब्ध हैं। जिस मां को ममता का प्रतीक माना जाता है, उसी ने अपनी बच्ची की जिंदगी छीन ली ये सोचकर हर कोई सिहर उठा।
Also Read: Lucknow News: चुनावी पोस्टरवार से राजधानी में चढ़ा सियासी पारा, बीजेपी के पोस्टर पर…

