Lucknow News: तेज बारिश और वज्रपात से लोग सहमे, मौसम विभाग ने सभी को किया सतर्क
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में मंगलवार से ही बादलों का डेरा है और रूक-रूक कर बारिश हो रही है। बुधवार दोपहर अचानक काले घनघोर बादलों ने पूरे शहर को ढक लिया और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से मौसम सुहाना हो गया, लेकिन तेज वज्रपात ने लोगों को डराकर रख दिया।
भारी बारिश का दौर गुरूवार तक जारी
मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। लखनऊ में येलो अलर्ट जारी है और भारी बारिश का दौर गुरूवार तक जारी रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के गोंडा, बाराबंकी, रायबरेली, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर और आसपास के जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वज्रपात की संभावना अधिक बताई गई
इसके अलावा लखनऊ, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, कानपुर नगर, उन्नाव, बहराइच, बलिया, बस्ती, संतकबीरनगर, बलरामपुर, अंबेडकरनगर सहित कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
विशेषकर फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गोरखपुर, गोंडा, कानपुर, रायबरेली, अंबेडकरनगर और आसपास के क्षेत्रों में वज्रपात की संभावना अधिक बताई गई है। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आवश्यक कार्य के लिए ही बाहर निकलें और बिजली गिरने के समय सुरक्षित स्थान पर रहें। खेतों में काम कर रहे लोग और सड़क पर चल रहे वाहन चालक भी सतर्क रहें।
इसके अलावा बारिश के कारण निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव होने की संभावना है, इसलिए लोग अपने वाहनों और घरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
Also Read: BMW हिट-एंड-रन मामला: आरोपी को नहीं मिली जमानत, कोर्ट में पुलिस और वकीलों की तीखी बहस

