Lucknow News: लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रावास आवंटन प्रक्रिया तेज, जानिए कब तक जमा होंगे शुल्क
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विश्वविद्यालय में नए सेमेस्टर की शुरुआत से पहले छात्रावास आवंटन प्रक्रिया तेजी से चल रही है। गुरुवार को विश्वविद्यालय के कैलाश छात्रावास में विभिन्न स्नातकोत्तर व स्नातक कोर्सों की छात्राओं को नए सिरे से कमरे आवंटित किए गए। इसमें एम.ए., एम.कॉम., एम.एससी., एम.पी.एड., एम.वी.ए., एम.एड., बी.एड. (तृतीय सेमेस्टर), बी.कॉम. (पंचम सेमेस्टर) और बी.पी.एड. (तृतीय सेमेस्टर) की छात्राएं शामिल रहीं।
इसी क्रम में तिलक छात्रावास में भी बी.ए. (तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर), बी.कॉम. (तृतीय सेमेस्टर) और बी.वी.ए. (तृतीय सेमेस्टर) की छात्राओं को कमरों का आवंटन प्रदान किया गया। छात्रावास में कक्ष मिलते ही छात्राओं के चेहरे पर खुशी साफ झलकती दिखाई दी।
यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से यह जानकारी दी गई कि एम.बी.ए., एम.ए. और एम.कॉम. (तृतीय सेमेस्टर) के छात्र-छात्राओं का आवंटन कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। मुख्य परिसर में एम.बी.ए. के छात्र-छात्राओं को एल.बी.एस. हॉल और निवेदिता हॉल में कमरा दिया गया है, जबकि नवीन परिसर में पढ़ने वाले छात्रों को कौटिल्य हॉल और गंगा हॉल में जगह मिली है।
25 जुलाई है शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि
मुख्य प्रोवोस्ट प्रो. अनूप कुमार सिंह ने बताया कि छात्रावास शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई 2024 तय की गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कक्ष आवंटन के दौरान माता-पिता या स्थानीय संरक्षक की उपस्थिति अनिवार्य है। आवंटन से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की जा चुकी हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे समय पर फीस जमा करें, सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर प्रक्रिया को पूरा करें और सेमेस्टर की पढ़ाई को बिना किसी रुकावट के प्रारंभ करें।
Also Read: Lucknow News : ठेकेदार की लापरवाही से बना दलदल, स्कूली वैन फंसी, हादसे से बाल-बाल बचे बच्चे

