Lucknow News: लखनऊ में शोहदे ने महिला प्रोफेसर को किए 1000 कॉल, शिकायत पर आरोपित गिरफ्तार

Lucknow News: राजधानी के विभूतिखंड थाना क्षेत्र से महिलाओं की सुरक्षा को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान में तैनात एक महिला असिस्टेंट प्रोफेसर को लंबे समय से परेशान कर रहा सिरफिरा आशिक आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। आरोपी ने पीड़िता को महज एक दिन में 1000 से ज्यादा कॉल और 5000 अश्लील मैसेज भेजकर हदें पार कर दी थीं।

महीनों से कर रहा था परेशान

पीड़िता के मुताबिक आरोपी महेश तिवारी (41), निवासी बस्ती, लगातार कॉल और मैसेज करके उसे मानसिक तनाव दे रहा था। परेशान होकर महिला प्रोफेसर ने 12 मई को 1090 वीमेन हेल्पलाइन पर शिकायत भी दर्ज कराई थी। उस दौरान पुलिस ने आरोपी को चेतावनी देकर छोड़ दिया था, लेकिन उसने अपनी हरकतों में कोई सुधार नहीं किया। पीड़िता ने बताया कि 19 अगस्त की शाम जब वह ओपीडी खत्म कर अपने फ्लैट लौट रही थीं तो आरोपी उनका पीछा करते हुए फैकल्टी अपार्टमेंट तक पहुंच गया। लिफ्ट का इंतजार कर रही प्रोफेसर ने आरोपी को पास खड़ा देखा तो उन्हें अनहोनी का शक हुआ। घबराकर उन्होंने शोर मचाया। मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड्स तुरंत पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

आरोपी जेल भेजा गया, मोबाइल की जांच जारी

विभूतिखंड थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। साथ ही उसके मोबाइल फोन की जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि वह और कितनी महिलाओं को परेशान कर चुका है। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि अगर पुलिस ने पहली बार शिकायत पर कड़ा एक्शन लिया होता, तो शायद यह मामला यहां तक न पहुंचता।

Also Read: Kanpur News: बारावफात से पहले पुलिस की समीक्षा बैठक, पुलिस और नागरिक मिलकर बनाएंगे सुरक्षित माहौल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.