Lucknow News: लखनऊ में ऑटो चालक ने डॉक्टर से वसूले 200 मीटर सफर के 2000 रुपये
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में ऑटो चालकों की मनमानी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के डॉक्टर सनी चौधरी से एक ऑटो चालक ने महज 200 मीटर की दूरी तय कराने के लिए 2000 रुपये वसूल लिए। शिकायत मिलते ही जीआरपी ने आरोपी ऑटो जब्त कर लिया और कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्टेशन के नामों को लेकर हुआ भ्रम
मामला शुक्रवार सुबह का है। डॉक्टर सनी चौधरी देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस पकड़ने लखनऊ पहुंचे थे। टिकट पर लिखे कोड को लेकर हुए भ्रम के कारण वे लखनऊ चारबाग स्टेशन पहुंच गए, जबकि ट्रेन लखनऊ जंक्शन (छोटी लाइन) से थी। इस दौरान एक ऑटो चालक ने भरोसा दिलाया कि वह उन्हें गेट खुलवाकर ट्रेन तक पहुंचा देगा। डॉक्टर को लेकर चालक चारबाग से जंक्शन स्टेशन (सिर्फ 200 मीटर दूरी) पहुंचा और वहां 2000 रुपये किराया वसूल लिया। ठगी का एहसास होने पर डॉक्टर ने जीआरपी से शिकायत की। जांच में पता चला कि यह ऑटो शाही ऑटो एसोसिएशन से पंजीकृत है।
बंद पड़े प्रीपेड बूथ से बढ़ी दिक्कत
यात्रियों के मुताबिक, लखनऊ स्टेशन और लखनऊ जंक्शन के नामों को लेकर अक्सर बाहर से आने वालों में कन्फ्यूजन रहता है। इस स्थिति का फायदा उठाकर ऑटो चालक मनमाना किराया वसूलते हैं। पहले प्रीपेड बूथ से तय किराए पर ऑटो की सुविधा मिलती थी, लेकिन अब बूथ बंद होने से यात्रियों को लूट का सामना करना पड़ रहा है। जीआरपी ने ऑटो जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की शिकायतों पर अब सख्त कार्रवाई होगी ताकि यात्रियों को ठगी का शिकार न होना पड़े।
Also Read: दरभंगा के कमला नदी में डूबने से चार बच्चों की मौत, सीएम नीतीश कुमार ने जताया दुख

