Lucknow News: केजीएमयू में जूनियर डॉक्टरों का हंगामा, ‘वी वांट जस्टिस’ के नारे, रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद
Lucknow News: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में बुधवार को जूनियर डॉक्टरों ने एक बार फिर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह बड़ी संख्या में जूनियर डॉक्टर न्यू पीडी ब्लॉक पहुंचे और रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पर्चा बनाने की प्रक्रिया बंद कराई। इस दौरान डॉक्टरों ने ‘वी वांट जस्टिस’ के नारे लगाए। अचानक हुए हंगामे से मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
क्या था मामला
पूरा मामला शनिवार देर रात ट्रॉमा सेंटर के ऑर्थो ओपीडी के बाहर नर्सिंग स्टाफ और जूनियर डॉक्टरों के बीच हुई मारपीट से जुड़ा है। घटना के बाद नर्सिंग स्टाफ ने नौ जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके जवाब में जूनियर डॉक्टरों ने भी क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई। तब से दोनों पक्ष प्रशासन पर कार्रवाई के लिए दबाव बना रहे हैं।
पहले नर्सिंग स्टाफ ने ट्रॉमा सेंटर पर धरना दिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में जूनियर डॉक्टर भी वहां पहुंच गए और हंगामा किया। सोमवार दोपहर से शुरू हुआ विवाद मंगलवार सुबह तक जारी रहा। मंगलवार को हालात कुछ शांत हुए, लेकिन बुधवार सुबह फिर से जूनियर डॉक्टरों ने आंदोलन शुरू कर दिया।
प्रशासन का बयान
केजीएमयू प्रवक्ता और डीन, डॉ. के.के. सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह 9:30 बजे तक लगभग सभी मरीजों का रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया गया था। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के कारण मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कम रही। किसी भी मरीज को बिना इलाज के वापस नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि ओपीडी में सीनियर डॉक्टर और फैकल्टी मौजूद हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि वह खुद मौके पर जाकर जूनियर डॉक्टरों से बातचीत करेंगे। जरूरत पड़ने पर सख्त कदम भी उठाए जाएंगे ताकि जल्द से जल्द हालात सामान्य हो सकें।
Also Read: ‘अखिलेश मेरे उतने ही करीब, जितने नेताजी थे’, आजम खान बोले- जेल में बदली पूरी जिंदगी

