Lucknow News: KGMU की लेडी नर्सिंग ऑफिसर से ठगी, जज बनकर उड़ा दिए 59.50 लाख

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर तैनात एक महिला के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है।आरोपी ने खुद को जज बताकर पीड़िता और उसके परिवार का भरोसा जीता और फिर 59.50 लाख रुपये हड़पकर फरार हो गया। अब पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऐसे रचा गया ठगी का जाल

जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के चौक निवासी पीड़िता के पिता ने फरवरी महीने में उनकी बेटी के लिए एक मैट्रिमोनियल साइट पर विज्ञापन डाला था। इसके बाद अंशुमान विक्रम सिंह नामक युवक ने संपर्क किया। उसने खुद को सिविल जज (जू.डि.) आजमगढ़ बताते हुए वाराणसी निवासी होने की बात कही। परिवार को रिश्ता ठीक लगा और बातचीत आगे बढ़ी। धीरे-धीरे आरोपी ने पीड़िता से भी सीधे संपर्क कर लिया और खुद को सीतापुर में ACJ (JD) बताकर विश्वास में ले लिया।

बातचीत के दौरान आरोपी ने एक करोड़ रुपये की महंगी गाड़ी खरीदने का झांसा दिया। उसने पीड़िता से कहा कि वह उसके नाम पर लोन दिला देगा और जल्द पैसा वापस कर देगा। इस भरोसे में आकर पीड़िता ने पहले अपने बैंक अकाउंट से 14 लाख रुपये आरोपी को दे दिए। इसके बाद सीमांत अग्रवाल नाम के सहयोगी के जरिए उसके नाम पर लोन भी करवा लिया गया, जिससे पीड़िता के खाते में 44.54 लाख रुपये आ गए। आरोपी ने यह रकम भी इलाज और अन्य काम के बहाने ले ली।

रुपये लेकर फरार

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता को रुपये से भरा बैग लेकर कानपुर बुलाया। वहां से वह उसे फिल्म दिखाने के बहाने ले गया और अचानक तबीयत खराब होने का नाटक करके बाहर निकला और फरार हो गया। इसके बाद उसने पीड़िता के फोन कॉल्स को टालना शुरू किया और आखिरकार मोबाइल भी बंद कर लिया।

इस मामले में पीड़िता ने कानपुर कमिश्नरेट के कर्नलगंज थाने में अंशुमान विक्रम सिंह और सीमांत अग्रवाल के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।

Also Read: राहुल गांधी से CRPF परेशान! डीजी सिक्योरिटी ने खरगे को लिखा पत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.