Lucknow News: चप्पल फैक्ट्री खोलने के लिए बनाया किडनैपिंग का प्लान, 24 घंटे में पकड़ा गया आरोपी
Lucknow News: आलमबाग क्षेत्र से दो मासूम बच्चों के अपहरण और फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार को बीजी कॉलोनी के रहने वाले अर्जुन सिंह (12) और प्रद्युम्न यादव (8) अचानक लापता हो गए। कुछ ही देर बाद उनके परिवारों को 10-10 लाख रुपये की फिरौती मांगते हुए धमकी भरे संदेश मिले।
परिजनों ने घबराकर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी को ट्रेस किया और 24 घंटे के भीतर दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस मामले में विजय नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया है।
स्टार्टअप के लिए चुना खतरनाक रास्ता
पुलिस पूछताछ में आरोपी विजय ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह चप्पल बनाने की फैक्ट्री खोलना चाहता था, लेकिन पैसे की कमी थी। पूंजी जुटाने के लिए उसने किडनैपिंग जैसा खतरनाक रास्ता चुना। विजय महज आठवीं पास है और अपने एक दोस्त के साथ मिलकर इस साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई थी।
बच्चों पर रखी नजर, परिजनों से मांगी फिरौती
विजय ने तीन दिन तक बच्चों को खेलते देखा और फिर मौका पाकर उन्हें फुसलाकर अपने साथ ले गया। बाद में उनके परिजनों को मैसेज भेजकर कुल 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बच्चों को सकुशल छुड़ा लिया और आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, इस साजिश में विजय का एक और साथी शामिल था, जिसकी तलाश जारी है। आलमबाग में हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस की तत्परता से बच्चों के परिवार ने राहत की सांस ली है।
Also Read: Varanasi News: अधिवक्ता से मारपीट के मामले में इंस्पेक्टर निलंबित, जांच जारी

