Lucknow News: छात्रा से लाइब्रेरियन ने की अश्लील हरकत, प्रिंसिपल से मदद ना मिलने पर गुडम्बा थाना में लगाई गुहार, आरोपी गिरफ्तार

Lucknow News: इंटीग्रल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेशल एजुकेशन में पढ़ने वाली बीसीए प्रथम वर्ष की छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने वाले लाइब्रेरियन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा का आरोप है कि लाइब्रेरियन इमरान उसे अकेले में पाकर अश्लील बातें करता था और गलत तरीके से पेश आता था। जब उसने प्रिंसिपल से शिकायत की तो उन्होंने भी मामले को नजरअंदाज कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

छात्रा का आरोप: लाइब्रेरी में अकेली पाकर करता था अश्लील हरकतें

 

गुडंबा थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता इंटीग्रल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेशल एजुकेशन में बीसीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। उसने बताया कि लाइब्रेरियन इमरान कई दिनों से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। जब भी वह लाइब्रेरी में किताबें लेने जाती, इमरान जानबूझकर उसे परेशान करता और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता।

शिकायत करने पर भी नहीं मिली मदद

छात्रा ने बताया कि पहले उसने लोकलाज के डर से इस बारे में किसी से कुछ नहीं कहा, लेकिन जब इमरान की हरकतें हद से ज्यादा बढ़ गईं और पढ़ाई भी प्रभावित होने लगी, तो उसने 23 फरवरी को प्रिंसिपल शैल मिश्रा से शिकायत की। हालांकि, प्रिंसिपल ने उसकी शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय उसे ही दोषी ठहराना शुरू कर दिया, जिससे वह और अधिक परेशान हो गई।

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

प्रिंसिपल से मदद न मिलने के बाद छात्रा ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से संपर्क किया और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। गुडंबा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लाइब्रेरियन इमरान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और अन्य आरोपों की जांच जारी है।

छात्राओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉलेज प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर प्रिंसिपल ने छात्रा की शिकायत को नजरअंदाज क्यों किया? पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य छात्रों से भी इस विषय में जानकारी जुटा रही है।

Also Read: Lucknow News: कृष्णानगर पुलिस ने चोरी के बड़े गिरोह का किया खुलासा, तीन गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.