Lucknow News: बिहार चुनाव के लिए हो रही थी शराब की तस्करी, हरियाणा से आई बड़ी खेप जब्त

Lucknow News: बिहार में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर, लखनऊ का आबकारी विभाग अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में, बुधवार को विभाग ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए हरियाणा से बिहार जा रही अवैध शराब की एक बड़ी खेप को जब्त किया है। यह शराब पंजाब की नंबर प्लेट वाली एक निजी गाड़ी (KIA SONET) की डिक्की से बरामद की गई है, जिसमें कुल 473 बोतलें मिली हैं।

आबकारी आयुक्त के निर्देश पर पूरे लखनऊ में अवैध शराब की सप्लाई रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत, आबकारी निरीक्षक और उनकी टीम ने गोसाईगंज में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। टीम को पता चला था कि हरियाणा से शराब की एक बड़ी खेप बिहार चुनाव में इस्तेमाल के लिए भेजी जा रही है।

चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश, पीछा करके पकड़ा

आबकारी निरीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि PB27L1428* नंबर की एक KIA SONET गाड़ी में अवैध शराब ले जाई जा रही है। टीम ने नाका पर गाड़ी को रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर चेकिंग से बचने के लिए गाड़ी लेकर भागने लगा।

आबकारी टीम ने गाड़ी का पीछा नाका से किसान पथ तक किया। आखिरकार, जब गाड़ी गोसाईगंज के ग्रामीण इलाके में घुस गई, तो टीम ने गोसाईगंज पुलिस और सर्विलांस टीम की मदद ली। इसके बाद कासिमपुर गांव के पास गाड़ी को रोककर उसमें सवार दो अभियुक्तों को पकड़ लिया गया।

हरियाणा से बिहार हो रही थी तस्करी

गाड़ी की तलाशी लेने पर, टीम को उसमें रॉयल स्टैग और ब्लेंडर्स प्राइड जैसे ब्रांड की 375 एमएल की कुल 473 बोतलें मिलीं, जो हरियाणा में बेचने के लिए बनाई गई थीं। पूछताछ में गाड़ी के ड्राइवर मोहन ने स्वीकार किया कि यह शराब हरियाणा से बिहार तस्करी के लिए भेजी गई थी।

पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों, मोहनलाल और कृष्ण कुमार, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि बिहार चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी के लिए लखनऊ को एक अहम रास्ता बनाया जा रहा है।

Also Read: Moradabad News: पुलिस से हुए मुठभेड़ों में 4 गो-तस्कर घायल, 5 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.