Lucknow News: एलडीए की अनंत नगर योजना के 332 भूखण्डों की लॉटरी 8 सितम्बर से होगी शुरू

द्वितीय चरण में खोला गया था आदर्श खण्ड के 332 भूखण्डों का पंजीकरण, 8,568 लोगों ने भूखण्ड के लिए कराया है ऑनलाइन पंजीकरण 

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण की अनंत नगर (मोहान रोड) आवासीय योजना के भूखण्डों की दूसरी लॉटरी 08 सितम्बर से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगी। द्वितीय चरण में खोले गये आदर्श खण्ड के 332 भूखण्डों के लिए कुल 8,568 लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। एलडीए द्वारा पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आवेदकों की उपस्थिति में लॉटरी करायी जाएगी, जिसका यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण होगा।

प्रथमेश कुमार

द्वितीय चरण में खोला गया था आदर्श खण्ड के 332 भूखण्डों का पंजीकरण

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मोहान रोड पर 785 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अनंत नगर योजना में लगभग डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। इसमें लगभग 2,100 आवासीय भूखण्ड व 120 व्यावसायिक भूखण्ड सृजित किये जाएंगे। जिससे लोगों को बेहतर आवासीय सुविधा के साथ व्यावसायिक सेवाओं का लाभ योजना में ही मिलेगा।

इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग के 60 भूखण्डों में 10,000 से अधिक फ्लैट्स निर्मित किये जाएंगे। ईडब्ल्यूएस व एलआईजी श्रेणी के 5 हजार भवनों में 25 हजार से अधिक लोगों को आवासीय सुविधा प्राप्त हो सकेगी। योजना में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भी भवनों का निर्माण किया जाएगा।

LDA

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में आवेदकों की उपस्थिति में निकाला जाएगा लकी ड्रा

योजना का विकास अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा है। जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जाएंगी। योजना में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी, जहां छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं फैकल्टी के सदस्यों के लिए हॉस्टल व आवासीय भवन बनाए जाएंगे। साथ ही लगभग 130 एकड़ भूमि में पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा, जोकि योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगा।

मर्करी हॉल में करायी जाएगी लॉटरी

अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी ने बताया कि अनंत नगर योजना में द्वितीय चरण में 332 भूखण्डों के लिए 11 जुलाई से 10 अगस्त, 2025 के मध्य ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। जिसमें 8,568 लोगों ने पंजीकरण धनराशि जमा कराकर रजिस्ट्रेशन कराया है। अब 08 सितम्बर सेे 10 सितम्बर, 2025 के मध्य इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में आवेदकों के मध्य भूखण्डों की लॉटरी करायी जाएगी। जिसके लिए आवेदकों को सूचना भेजी जा रही है।

03 दिन चलेगी लॉटरी की प्रक्रिया

उप सचिव माधवेश कुमार ने बताया कि 112.5 वर्गमीटर के 121, 162 वर्गमीटर के 37, 200 वर्गमीटर के 50, 288 वर्गमीटर के 105 एवं 450 वर्गमीटर के 19 भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाना है, जिसके चलते लॉटरी का आयोजन 03 दिन तक चलेगा।

Also Read: ‘अखिलेश यादव की हालत न तीन में न तेरह में’, वोटर अधिकार यात्रा पर केशव मौर्य का तंज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.