Lucknow News: लखनऊ एयरपोर्ट बना ड्रग्स तस्करी का हॉटस्पॉट! कस्टम ने पकड़ी 13 करोड़ की खेप

Lucknow News: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक बार फिर कस्टम टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। बैंकॉक से लौटे दो यात्रियों के पास से करीब 13.16 किलो हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 13 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

बैग से बरामद हुए 24 पैकेट

कस्टम अधिकारियों ने प्रोफाइलिंग के आधार पर बिजनौर निवासी मोहम्मद इमरान को रोका। तलाशी में उसके बैग से 12 पैकेट ड्रग्स मिले। पूछताछ में इमरान ने खुलासा किया कि यह खेप बैंकॉक से मिली थी और लखनऊ में समीर नाम के शख्स को सौंपी जानी थी।

इसी दौरान दूसरा यात्री मणिकांत जांच से बचने के लिए बैग छोड़कर भाग निकला। उसके बैग से भी 12 पैकेट बरामद हुए। यानी दोनों के पास से कुल 24 पैकेट हाइड्रोपोनिक वीड पकड़ा गया।

अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की आशंका

अधिकारियों को शक है कि यह मामला किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़ा है। हाइड्रोपोनिक वीड आमतौर पर विदेशों में तैयार होती है और पिछले कुछ समय से भारत में इसकी मांग तेजी से बढ़ी है। लगातार हो रही बरामदगी से साफ है कि तस्कर अब लखनऊ एयरपोर्ट को आसान मार्ग मान रहे हैं।

यह कोई पहला मामला नहीं है। कुछ महीने पहले भी डीआरआई ने बैंकॉक से आए यात्रियों के पास से करीब 25 करोड़ की ड्रग्स बरामद की थी। ऐसे मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है।

फिलहाल कस्टम विभाग हिरासत में लिए गए मोहम्मद इमरान से पूछताछ कर रहा है। वहीं फरार आरोपी मणिकांत की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। जांच एजेंसियां अब इस पूरे मामले को बड़े ड्रग्स नेटवर्क से जोड़कर आगे बढ़ा रही हैं।

Also Read: आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना हमारा कर्तव्य है: पीएम मोदी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.