Lucknow News: मोहनलालगंज डबल मर्डर का मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में मां-बेटे की नृशंस हत्या करने वाले आरोपी और पुलिस के बीच बुधवार देर रात मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में आरोपी किशन रावत घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पुलिस का एक सिपाही भी घायल हुआ है।
घटना का घटनाक्रम: हत्या से मुठभेड़ तक
दरअसल बीते 9 मार्च 2026 की रात मोहनलालगंज के सिसेंडी में एक महिला और उसके 18 वर्षीय पुत्र की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई थी। शिकायतकर्ता (मृतका के भाई) की तहरीर पर पुलिस ने मु0अ0स0 92/26 (धारा 103(1) BNS) के तहत मामला दर्ज किया। खुलासे के लिए पुलिस की 04 टीमें गठित की गईं। साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर स्थानीय निवासी किशन रावत का नाम सामने आया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में अन्य सुसंगत धाराएं भी जोड़ी गईं।
मुठभेड़ का विवरण
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी किशन रावत हुलासखेड़ा से खुजौली की ओर नहर के रास्ते भाग रहा है। बाजखेड़ा हुलासखेड़ा ईंट भट्टे के पास पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर झोंक दिया, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी किशन रावत के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
बरामदगी और उपचार
गिरफ्तार अभियुक्त: किशन रावत (पुत्र राम मिलन), निवासी सिसेण्डी, मोहनलालगंज।
बरामद सामान: घटना में प्रयुक्त 1 अवैध तमंचा (.315 बोर), 2 अदद जिंदा कारतूस और 1 खोखा कारतूस (तमंचे में फंसा हुआ)।
चिकित्सा: घायल सिपाही और आरोपी दोनों को तत्काल CHC मोहनलालगंज भेजा गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
Also Read: UP News: भ्रष्टाचार के घेरे से बाहर निकले IAS अभिषेक प्रकाश, शासन ने लिया बहाली का फैसला

