Lucknow News: बन्थरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हफ्ता मांगने वाले हिस्ट्रीशीटर टेरा को दो घंटे में दबोचा

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के बन्थरा इलाके में एक दुकानदार से अवैध हफ्ता मांगने पहुंचे शातिर हिस्ट्रीशीटर अर्पित पटेल उर्फ टेरा को पुलिस ने सिर्फ दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। अवैध वसूली, धमकी और गाली-गलौज की सूचना मिलते ही थाना बन्थरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रहीमनगर पड़ियाना क्षेत्र से दबोच लिया। आरोपी पर पहले से दर्ज कई गंभीर मुकदमों ने पुलिस को भी चौंका दिया है।

दो घंटे में गिरफ्तारी

मिली जानकारी के मुताबिक, 1 दिसंबर की शाम ग्राम लतीफनगर में स्थित कैप्टन क्लॉथ हाउस पर वादी विमलेश कुमार यादव के भाई मौजूद थे। तभी हिस्ट्रीशीटर अर्पित पटेल उर्फ टेरा दुकान पर पहुंचा और अवैध हफ्ता मांगने लगा। मना करने पर उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही थाना बन्थरा पुलिस ने मुक़दमा दर्ज किया और विशेष टीम गठित की।

जिसके बाद पुलिस टीम ने बिना देरी किए छापेमारी शुरू की और सिर्फ दो घंटे में आरोपी को रहीमनगर पड़ियाना से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के समय आरोपी अपनी गिरफ्तारी की भनक लगते ही अपना तमंचा कहीं फेंककर भागने का प्रयास कर रहा था। हथियार की तलाश अभी जारी है।

पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे

पूछताछ में अर्पित पटेल ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और नशे व व्यक्तिगत खर्चों के लिए दुकानदारों से पैसे वसूली करता है। पुलिस को उसके आपराधिक इतिहास ने और भी हैरान कर दिया है। 30 वर्षीय अर्पित पटेल उर्फ टेरा थाना बन्थरा क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर, अवैध वसूली, धमकी, वन अधिनियम उल्लंघन समेत कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं।

 

Also Read: लखनऊ: PGI पुलिस ने गांजा तस्करी रैकेट का किया पर्दाफाश; महिला समेत 3 शातिर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.