Lucknow News: गाजीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गहने चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार

Lucknow News: लखनऊ के थाना गाजीपुर क्षेत्र में पुलिस ने गहने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चार कंगन पीली धातु के बरामद किए हैं। इस चोरी की घटना को आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से अपनी एक सह अभियुक्ता की मदद से अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस फरार अभियुक्ता की तलाश में जुटी हुई है।

शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा

इस मामले में 10 मार्च को लखनऊ के मानस विहार सर्वोदय नगर के निवासी श्याम चन्द्र अवस्थी ने प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी थी कि 9 जनवरी 2026 को उनके मोहल्ले की रहने वाली सृष्टि पुत्री सुमित दुबे, जो उनके घर लगातार आती-जाती थी, ने उनके घर की अलमारी से चार सोने के कंगन, दो सोने की झुमकी और एक सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया। आरोप था कि सृष्टि ने यह सामान अपने दोस्त हर्षित यादव को दे दिया था। काफी समय से सामान वापस करने को कहा जा रहा था, लेकिन आरोपियों ने सामान वापस नहीं किया।

वादी की शिकायत के आधार पर थाना गाजीपुर में मुकदमा संख्या 087/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत सृष्टि पुत्री सुमित दुबे और हर्षित यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सूचना के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी

मामले की जांच के दौरान 11 मार्च 2026 को थाना गाजीपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्षित यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बंधा रोड पर कुकरैल नाला के पास बैरल नंबर 07 से आगे कल्याण अपार्टमेंट की ओर जाने वाले मार्ग के पास से पकड़ा गया।

गिरफ्तार अभियुक्त हर्षित यादव पुत्र वीरेन्द्र यादव मूल रूप से ग्राम सतई पुरवा रानी बाजार के पास पुलिस चौकी बड़गांव थाना कोतवाली नगर जनपद गोंडा का निवासी है और वर्तमान में लखनऊ के महानगर क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है।

चोरी के चार कंगन हुए बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चार कंगन पीली धातु के बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 61(2) और 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है। पुलिस अब इस मामले में फरार अभियुक्ता सृष्टि पुत्री सुमित दुबे की तलाश कर रही है।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसने मानस विहार की रहने वाली अपनी परिचित सृष्टि दुबे उर्फ वैश्नवी दुबे के साथ मिलकर करीब दो महीने पहले श्याम चन्द्र अवस्थी के घर से सोने के आभूषण चोरी किए थे। सृष्टि दुबे श्याम चन्द्र अवस्थी के घर उनके बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के लिए जाती थी और इसी दौरान उसे घर में रखे सोने के आभूषणों की जानकारी मिली थी।

आरोपी ने बताया कि दोनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। जिस दिन चोरी की घटना हुई उस दिन घर में कोई मौजूद नहीं था। हर्षित यादव घर के बाहर खड़ा था, जबकि सृष्टि दुबे घर के अंदर जाकर सोने के आभूषण चुरा कर बाहर लेकर आई थी।

चोरी के गहनों का किया बंटवारा

आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद चार सोने के कंगन और एक सोने का मंगलसूत्र उसने अपने पास रख लिया था, जबकि सृष्टि दुबे ने दो सोने की झुमकी अपने पास रख ली थी। हर्षित यादव ने सोने के मंगलसूत्र को राह चलते एक व्यक्ति को कम कीमत पर बेच दिया था।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

इस मामले में गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सचिन कुमार, उपनिरीक्षक प्रभात बालियान, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल सनी कुमार सोनकर और कांस्टेबल अजय कुमार तोमर शामिल रहे। पुलिस गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास के बारे में अन्य थानों और जनपदों से जानकारी जुटाई जा रही है।

 

Also Read: बच्चों के स्वस्थ भविष्य की दिशा में सरकार का प्रयास, मिलेंगे 33 हजार से अधिक आधुनिक उपकरण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.