Lucknow News: DCP यमुना प्रसाद के घर बड़ी चोरी, खिड़की की ग्रिल काटकर लाखों का सामान पार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब उन्होंने सीधे एक आईपीएस अधिकारी के घर को निशाना बनाया है। नोएडा में डीसीपी यमुना प्रसाद (IPS) के विकासनगर स्थित आवास में चोरों ने धावा बोला और नकद, चांदी के बर्तन, घड़ियां समेत लाखों का सामान चुरा लिया। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने बाथरूम की टोटियाँ तक नहीं छोड़ीं।
यह घटना राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है, खासकर उस अधिकारी के घर चोरी हुई है जिसने माफिया मुख्तार अंसारी को लग्जरी एम्बुलेंस मामले में बेनकाब किया था।
खिड़की की ग्रिल काटकर घर में घुसे चोर
मिली जानकारी के अनुसार, डीसीपी यमुना प्रसाद की तैनाती वर्तमान में नोएडा में है और वह काफी समय से लखनऊ के विकासनगर स्थित अपने घर में परिवार के साथ नहीं रहते हैं। घर की देखभाल उनके रिश्तेदार असित सिद्धार्थ करते हैं।
असित सिद्धार्थ ने बताया कि 22 सितंबर की शाम को जब वह घर पहुंचे तो बिजली नहीं थी। अगले दिन (23 सितंबर) बिजली विभाग की टीम आई और जब घर खोला गया, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। चोरों ने खिड़की की ग्रिल काटकर घर में प्रवेश किया था। घर के भीतर अलमारियां टूटी हुई थीं और सारा सामान बिखरा पड़ा था।
चोरी हुए सामान में टोटियां भी शामिल
डीसीपी यमुना प्रसाद ने विकासनगर थाने में तहरीर देते हुए चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट के मुताबिक, चोरों ने घर से लगभग 50 हजार रुपये नकद, 10 चांदी के सिक्के, तीन कलाई घड़ियाँ, दो दीवार घड़ियाँ, चांदी के गिलास और कटोरी समेत कई गिफ्ट आइटम चुराए हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोरों का गिरोह घर से करीब 20 बाथरूम टोटियाँ भी उखाड़ ले गया। पुलिस के लिए यह चोरी एक नया एंगल है, क्योंकि आमतौर पर चोर नकदी और गहनों पर हाथ साफ करते हैं, लेकिन टोटियों की चोरी प्रोफेशनल गैंग के शामिल होने की आशंका को बल देती है।
मुख्तार अंसारी केस से आए थे सुर्खियों में
वर्ष 1977 में सिद्धार्थनगर में जन्मे यमुना प्रसाद, जो स्टेट PCS से IPS बने हैं, अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। वह तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने मुख्तार अंसारी की फर्जी रजिस्ट्रेशन वाली लग्जरी एम्बुलेंस का मामला दर्ज किया था। इस केस ने मुख्तार को उत्तर प्रदेश वापस लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
विकासनगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों का सुराग मिल सके। पुलिस का मानना है कि घर लंबे समय से खाली था, इसलिए चोरों ने इसे आसान निशाना समझा। यह घटना राजधानी लखनऊ की कानून-व्यवस्था के लिए एक गंभीर चुनौती है।
Also Read: बरेली में पोस्टर विवाद पर बवाल, जुमे की नमाज के बाद लाठीचार्ज, मौलाना तौकीर रजा ने किया था ये ऐलान

