Lucknow News: फरियादियों के लिए करें रैन बसेरों में रुकने की व्यवस्था- CM योगी
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ठंड के मौसम को देखते हुए फरियादियों के लिए रैन बसेरों में समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन में शामिल होने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से लोग एक दिन पहले ही लखनऊ पहुंच जाते हैं, ऐसे में उनके ठहरने के लिए रैन बसेरों में किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
सुनीं फरियादियों की समस्याएं
लखनऊ में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान प्रदेश भर से आए फरियादियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ के साथ-साथ जनपद स्तर पर भी जनता दर्शन का आयोजन होता है, जहां लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचते हैं।
रैन बसेरों के नियमित निरीक्षण के निर्देश
मुख्यमंत्री ने लखनऊ प्रशासन को निर्देश दिया कि रैन बसेरों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाए और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रैन बसेरों में रहने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

DM और SP प्रतिदिन सुनें जनता की समस्याएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि सबसे पहले अपने जिले में जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान के पास जाकर अपनी समस्याएं रखें। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन जनता की शिकायतें सुनें और उनका समाधान कराएं, ताकि लोगों को ठंड के मौसम में लखनऊ आने की जरूरत न पड़े।
इलाज के लिए सरकार देगी आर्थिक सहायता
‘जनता दर्शन’ के दौरान कुछ फरियादी इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनका प्रार्थना पत्र लेते हुए कहा कि वे अस्पताल से इलाज का एस्टिमेट बनवाकर दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इलाज के लिए पहले दिन से ही आर्थिक मदद उपलब्ध करा रही है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इलाज के अभाव में किसी को परेशानी न झेलनी पड़े।
जमीन कब्जे के मामलों पर सख्त रुख
‘जनता दर्शन’ में जमीन कब्जे से जुड़े कुछ मामले भी सामने आए। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, धान खरीद से संबंधित शिकायत लेकर पहुंचे किसानों की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रशासन को तत्काल समाधान के निर्देश दिए और कहा कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है।

बच्चों को दी चॉकलेट
‘जनता दर्शन’ में कई अभिभावक अपने बच्चों के साथ पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की, उन्हें दुलारा-पुचकारा और उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा। बच्चों के जवाब सुनकर मुख्यमंत्री ने उन्हें चॉकलेट दी और अभिभावकों से कहा कि ठंड अधिक पड़ रही है, इसलिए बच्चों को विशेष रूप से ठंड से बचाकर रखें। मुख्यमंत्री का यह स्नेह देख अभिभावक भी भावुक नजर आए।
Also Read: Asia Cup Final के बाद विवाद, भारतीय टीम ने ACC चेयरमैन से मेडल लेने से किया मना

