Lucknow News: राजधानी में धर्म परिवर्तन करवाने वाला गिरफ्तार, खेत में लगाता था चंगाई सभा
Lucknow News: राजधानी के निगोहां थाने की पुलिस ने धर्मांतरण करवाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मलखान के रूप में हुई है, जो अनुसूचित जाति का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह अपने खेत में हॉलनुमा मकान बनाकर उसे चर्च (प्रार्थना सभा स्थल) के रूप में इस्तेमाल करता था।
लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करता
डीसीपी दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को धर्मेंद्र शर्मा नामक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि चख्तीरीखेड़ा मजरा मेहंदोली निवासी मलखान हर रविवार और गुरुवार को ‘चंगाई सभा’ आयोजित करता है। इन सभाओं में वह भोले-भाले महिलाओं और बच्चों को बीमारी ठीक करने के नाम पर इकट्ठा करता और उन्हें लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करता।
आरोप है कि वह चमत्कार और इलाज का बहाना बनाकर लोगों को पैसों का लालच देता और बपतिस्मा (ईसाई दीक्षा) के जरिए धर्मांतरण कराता था। अब तक वह 12 से अधिक लोगों को धर्मांतरण करा चुका है।
भतीजों के नाम भी बदलकर ईसाई नाम रखे
पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से धर्म से संबंधित सामग्री भी बरामद की है। पूछताछ में मलखान ने कबूल किया कि उसने वर्ष 2016 में हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपना लिया था। इतना ही नहीं, उसने अपने तीन बच्चों और भतीजों के नाम भी बदलकर ईसाई नाम रखे।
फिलहाल, पुलिस आरोपी के आर्थिक स्त्रोतों की जांच कर रही है। साथ ही धर्मांतरण के शिकार लोगों से संपर्क कर पूरे मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
Also Read: Balrampur News: लकड़ी काटने गए बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों में मचा कोहराम

