Lucknow News: नशे में धुत शख्स ने होटल स्टाफ को मारी गोली, मौके पर मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी के चिनहट इलाके में स्थित ईशान होटल में सोमवार देर रात एक भीषण हत्याकांड ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। होटल कर्मचारी दिवाकर यादव (20) को एक नशे में धुत युवक ने गोली मारकर जान से मार दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या हुआ था?
सूत्रों के मुताबिक, होटल में ठहरी एक युवती नशे की हालत में थी। रात करीब 1:30 बजे उसका प्रेमी आकाश तिवारी होटल पहुंचा। जब दिवाकर ने दोनों के बीच आपत्तिजनक व्यवहार देखा तो उसने हस्तक्षेप किया। इससे नाराज होकर आकाश ने होटल से बाहर निकलकर कुछ देर बाद वापस आकर दिवाकर के सीने में गोली मार दी।
पुलिस ने किया आरोपी गिरफ्तार
गोली की आवाज सुनते ही होटल में हड़कंप मच गया। चिनहट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भागने का प्रयास कर रहे आकाश को धर दबोचा। हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया गया। पुलिस ने मृतक को लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार दिवाकर यादव सुल्तानपुर के बिलारी गांव का रहने वाला था और महज चार महीने पहले ही इस होटल में नौकरी शुरू की थी। वह अपने परिवार के पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था और घर चलाने में मदद करता था। घटना की खबर सुनते ही परिजन लखनऊ पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी आकाश तिवारी अयोध्या के गोसाईगंज का रहने वाला है और लखनऊ की कांतिपुरम कॉलोनी में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। युवती ने बताया कि वह इवेंट मैनेजमेंट से जुड़ी है और 16 जुलाई से होटल में ठहरी हुई थी। उसी ने आकाश को होटल बुलाया था।
पुलिस जांच में जुटी
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आकाश ने दिवाकर को क्यों गोली मारी। क्या यह लड़की को लेकर हुई झड़प थी या कोई पुरानी दुश्मनी? पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और गवाहों के बयान के आधार पर जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पूछताछ जारी है।
Also Read: कांवड़ मार्ग पर क्यूआर कोड विवाद में सुप्रीम कोर्ट से यूपी सरकार को राहत, फिलहाल नहीं लगेगी रोक

