Lucknow News: जलकल विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महापौर ने किया सम्मानित
Sandesh Wahak Digital Desk: नगर निगम लखनऊ के जलकल विभाग में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले नौ कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के अवसर पर सम्मानित किया गया। सोमवार को जलकल मुख्यालय में आयोजित इस भावनात्मक विदाई समारोह में महापौर सुषमा खर्कवाल ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

महापौर ने कहा, “आप सभी ने वर्षों तक निष्ठा और समर्पण के साथ लखनऊ शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा। यह आपके कठिन परिश्रम और ईमानदारी का परिणाम है कि आज शहर के लोग सुरक्षित और सुचारु जल प्रबंधन का लाभ उठा रहे हैं।”
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में रीता वर्मा (बिल वितरक), राजकुमार, गिरीश चंद्र श्रीवास्तव, युगुल किशोर मिश्रा, योगेंद्र नाथ राय और बसंत लाल (पंप ऑपरेटर), राजेंद्र सिंह (बिल्डर), राम प्रकाश सिंह और छोटे लाल (गैंगमैन) शामिल रहे।

इस मौके पर अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, वित्त अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, लेखा अधिकारी पंकज सोती, अधिशासी अभियंता सचिन कुमार यादव, स्थानीय पार्षद संदीप शर्मा सहित जलकल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सहयोगियों ने अपने साथियों के साथ बिताए गए पलों को साझा किया और उनके योगदान को प्रेरणादायक बताया। समारोह का समापन स्नेह भोज के साथ हुआ, जहां सभी ने एक परिवार की तरह सहभागिता की।

यह आयोजन केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक भावुक क्षण रहा, जिसमें दशकों तक सेवा देने वाले कर्मचारियों को उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
Also Read: Prayagraj Flood: वायरल तस्वीर पर अखिलेश यादव का सरकार पर तंज, बोले- भ्रष्टाचार के…

