Lucknow News: ओमेक्स वाटर एस्केप में मर्चेंट नेवी अफसर की पत्नी की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित ओमेक्स वाटर एस्केप सोसायटी में मर्चेंट नेवी अफसर की पत्नी की रहस्यमयी मौत से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान 24 वर्षीय मधु सिंह के रूप में हुई है, जिनकी शादी महज छह महीने पहले अनुराग सिंह से हुई थी। मधु का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, लेकिन मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि साजिशन हत्या बताया है।
घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है, जबकि इसकी जानकारी पुलिस को सोमवार दोपहर दी गई। मृतका के पिता फतेह बहादुर सिंह ने दामाद अनुराग सिंह पर दहेज उत्पीड़न, शारीरिक हिंसा, विवाहेतर संबंध और जबरन गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
पति पर लगाए गंभीर आरोप
पिता के अनुसार रविवार शाम 8 बजे मधु ने अपनी बड़ी बहन से फोन पर बातचीत में बताया था कि अनुराग ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद मधु का फोन स्विच ऑफ हो गया। सोमवार दोपहर जब सूचना मिली, तब तक शव फंदे से उतार लिया गया था और उसे अस्पताल भी नहीं ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार अनुराग सिंह मर्चेंट नेवी में सेकेंड ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं और हाल ही में 10 दिन की छुट्टी पर घर आए थे। रविवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद यह घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या व हत्या दोनों एंगल से जांच शुरू कर दी है।
दहेज हत्या का शक
फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि शादी के बाद से ही अनुराग दहेज की मांग कर रहा था। प्रताड़ना से परेशान होकर मधु कुछ दिनों के लिए मायके चली गई थी, लेकिन होली के मौके पर उसे वापस ससुराल ले जाया गया। इसके बाद भी प्रताड़ना जारी रही। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि अनुराग के अन्य महिलाओं से संबंध हैं और मधु के गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मृत्यु के सही कारण का पता चलेगा। फिलहाल अनुराग सिंह से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: UP News: हाईकोर्ट ने आजम खां के खिलाफ ट्रायल पर रोक बढ़ाई, 28 अगस्त को अगली सुनवाई

