Lucknow News: मंत्री ओम प्रकाश राजभर की तबीयत बिगड़ी, इलाज के लिए मेदांता में भर्ती

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें चक्कर आने, बोलने और चलने में दिक्कत महसूस हुई। इसके बाद उन्हें तुरंत लखनऊ लाया गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आजमगढ़ से लखनऊ तक का सफर

राजभर वाराणसी में एक कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। आजमगढ़ में जब वह कमरे से बाहर निकलने लगे, तो उन्हें अचानक तेज चक्कर आए और उनकी जुबान लड़खड़ाने लगी। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और तुरंत लखनऊ ले जाने का फैसला किया।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अस्पताल पहुंचे

राजभर को दोपहर 1 बजे लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल लाया गया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक खुद उनके साथ अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल लिया। लोहिया अस्पताल के डॉक्टरों ने उनकी शुरुआती जांच की, जिसमें सीटी स्कैन और ब्लड टेस्ट शामिल थे। हालांकि, रिपोर्ट सामान्य आने के बाद भी उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदांता अस्पताल ले जाया गया।

मेदांता अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि राजभर को चक्कर आने की शिकायत थी। अब उनकी सेहत में सुधार है और न्यूरोलॉजी के विशेषज्ञ डॉ. अनूप ठक्कर की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखे हुए है।

Also Read: Balrampur News: अधिवक्ताओं का फूटा गुस्सा, वाराणसी लाठीचार्ज मामले में DM को सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.