Lucknow News: भीड़ ने थाने पर किया हमला, 10 पुलिसकर्मी घायल, लाठीचार्ज करके खदेड़ा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में सफाईकर्मी की मौत के मामले में हिरासत में लिए गए आरोपी को कथित तौर पर छोड़ने के बाद भारी बवाल हो गया। आक्रोशित भीड़ ने थाने का घेराव कर लिया, और जब पुलिसकर्मियों ने समझाने का प्रयास किया, तो भीड़ ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।

पुलिस पर हमला और लाठीचार्ज
भीड़ के हमले में लगभग 10 पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। इसके बाद, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने भी भीड़ को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिसमें कई महिलाओं को भी चोटें आई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर बुला लिए गए हैं।

पीड़ित परिजनों का आरोप
सफाईकर्मी के भाई की पत्नी रंजना रावत ने आरोप लगाया कि वे इंसाफ के लिए सुशांत गोल्फ सिटी थाने आए थे, क्योंकि पुलिस ने आरोपियों को छोड़ दिया था। उन्होंने कहा, “पुलिस वालों ने लाठी-डंडों से पीटा। पुरुषों को पीट-पीटकर बंद कर दिया।”
प्रत्यक्षदर्शी सन देवी ने बताया, “हम लोग यहां धरना देने आए थे। लाठी-डंडा लेकर आए कुछ लोगों ने हमला कर दिया। किसी का सिर फोड़ दिया, किसी का पैर तोड़ दिया। गाड़ी से लूलू मॉल तक दौड़ाकर पीटा। सभी को पीटा, किसी को नहीं छोड़ा।”
वीडियो फुटेज में झड़प
घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में पुलिस और युवकों के बीच झड़प दिखाई दे रही है, जहां भीड़ पुलिस से पकड़े गए युवकों को छुड़ाने की कोशिश कर रही है। दूसरे वीडियो में महिलाओं को पुलिस पर हमला करते और दो युवकों को छुड़ाते हुए देखा गया है।
Also Read: सीएम योगी की एडिटेड फोटो वायरल करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, बरेली पुलिस की कार्रवाई

