Lucknow News: मां-बेटे की हत्या मामले की सुलझी गुत्थी, पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ आरोपी
Lucknow News: लखनऊ के जोन दक्षिणी के थाना मोहनलालगंज क्षेत्र में मां-बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। यह कार्रवाई थाना मोहनलालगंज पुलिस और सर्विलांस सेल जोन दक्षिणी की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा की गई है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त और मृतक महिला आपस में पहले से परिचित थे।
दरअसल ये कार्रवाई पुलिस आयुक्त लखनऊ अमरेन्द्र सिंह सेंगर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी निपुण अग्रवाल के पर्यवेक्षण में तथा अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसंथ कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज विकास कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक मोहनलालगंज ब्रजेश कुमार त्रिपाठी की टीम ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया।
मां और बेटे की हत्या से मचा था हड़कंप
मामले की जानकारी 10 मार्च 2026 को उस समय सामने आई जब शिकायतकर्ता ने थाना मोहनलालगंज में सूचना दी कि उसकी बहन और बहन के 18 वर्षीय पुत्र की 9 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है। मृतक मां-बेटा सिसेंडी थाना मोहनलालगंज क्षेत्र के रहने वाले थे। सूचना के आधार पर थाना मोहनलालगंज में मुकदमा संख्या 92/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया आरोपी का नाम
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया। विवेचना, गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर स्थानीय निवासी किशन रावत पुत्र राम मिलन निवासी सिसेंडी थाना मोहनलालगंज का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि उसी ने महिला और उसके 18 वर्षीय बेटे की हत्या की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
भागने की कोशिश में पुलिस पर की फायरिंग
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी हुलासखेड़ा से खुजौली की ओर नहर किनारे रास्ते से जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। बाजखेड़ा हुलासखेड़ा ईंट भट्ठे के पास पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया, जिससे एक सिपाही घायल हो गया। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में आरोपी किशन रावत के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को रात 22.10 बजे हिरासत में ले लिया। घायल आरोपी और घायल सिपाही को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज भेजा गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

