Lucknow News: नगर निगम ने तेज़ किया फॉगिंग और जागरूकता अभियान

Sandesh Wahak Digital Desk:  लखनऊ में मानसून की दस्तक के साथ ही डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है। इसी को देखते हुए नगर निगम ने कमर कस ली है। शहर को बीमारियों से बचाने के लिए फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता अभियान को तेज कर दिया गया है।

नगर आयुक्त और नगर स्वास्थ्य अधिकारी की निगरानी में पूरे शहर में संक्रमण रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। हर इलाके में फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है और इसकी नियमित समीक्षा भी हो रही है ताकि कोई भी हिस्सा छूट न जाए।

माइक्रोफोन से लेकर मशीन तक सब तैयार

शहर के अलग-अलग हिस्सों में ऑडियो-विज़ुअल प्रचार भी शुरू हो गया है। एयरोड्रोनिक स्क्रीन और पीए सिस्टम के जरिए लोगों को बताया जा रहा है कि डेंगू और मलेरिया से कैसे बचा जा सकता है। ये प्रचार अभियान अगले 4-5 महीनों तक लगातार जारी रहेगा।

फॉगिंग में इस्तेमाल हो रही मशीनों की हालत पर भी नगर निगम की खास नजर है। अगर कोई उपकरण खराब होता है, तो उसे तुरंत दुरुस्त करने के आदेश दिए गए हैं। डीजल की भी पूरी सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है ताकि फॉगिंग का काम बिना रुके चलता रहे।

नालियों पर सख्त निगरानी

शहर की नालियों और जलजमाव वाली जगहों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जलभराव की स्थिति में तुरंत निकासी की जा रही है ताकि मच्छरों को पनपने का मौका ही न मिले। नगर निगम का कहना है कि वो पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ लोगों की सेहत की सुरक्षा में जुटा है। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने घर और आसपास सफाई बनाए रखें और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत नगर निगम को दें।

Also Read: बांके बिहारी मंदिर विवाद: सरकार के अध्यादेश…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.