Lucknow News: दिल्ली ब्लास्ट की आरोपी डॉ. शाहीन के घर NIA की छापेमारी, छह घंटे तक चली तलाशी, परिजनों से की गई पूछताछ
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के खंदारी बाजार क्षेत्र में सोमवार सुबह अचानक उस समय हड़कंप मच गया जब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम दिल्ली विस्फोट मामले में मुख्य आरोपी बताई जा रही डॉ. शाहीन के घर पहुंच गई। एनआईए अधिकारियों ने उनके आवास पर करीब छह घंटे तक लगातार तलाशी ली। इस दौरान घर में मौजूद शाहीन के पिता और भाई शोएब से पूछताछ भी की गई। सूत्रों के अनुसार, जांच टीम ने घर से कुछ दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज़ कब्जे में लिए हैं, हालांकि एजेंसी ने आधिकारिक रूप से कोई बयान जारी नहीं किया है। वहीं टीम के बाहर आने पर मीडिया ने प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की, लेकिन किसी अधिकारी ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
कार ब्लास्ट केस में शाहीन मुख्य साजिशकर्ता
दरअसल दिल्ली में पिछले महीने लाल किले के पास हुए विस्फोटक सामग्री वाली कार ब्लास्ट में डॉ. शाहीन का नाम मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आया था। इस मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। जांच के दौरान नाम सामने आने पर एटीएस ने शाहीन के भाई परवेज को पहले ही लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया था। परवेज अलग घर में रहता था और उसके ठिकाने से पुलिस ने दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया था।
क्षेत्र में भारी सुरक्षा, रोकी गई लोगों की आवाजाही
यहां सोमवार सुबह एनआईए की टीम पहुंचते ही खंदारी बाजार में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम कर दिए गए। इलाके की गलियों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया और आम लोगों का प्रवेश रोक दिया गया। बताया गया कि छापेमारी करने वाली टीम में फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी शामिल थे, जिन्होंने घर के हर कमरे, सामान और दस्तावेज की गहन जांच की।न वहीं सुबह करीब छह बजे शुरू हुई कार्रवाई देर तक चलती रही और इसके बाद टीम बिना कोई बयान दिए वापस लौट गई।
Also Read: PM मोदी के हार की हताशा वाले बयान पर संसद में बवाल, प्रियंका सहित कई नेताओं ने बोला हमला

