Lucknow News: अब कैंसर मरीजों को मिलेगा वर्ल्ड क्लास ट्रीटमेंट, 500 बेड वाले संस्थान में शुरू हुई नई सुविधाएं

Lucknow News: कैंसर के इलाज को लेकर उत्तर प्रदेश अब नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। राजधानी लखनऊ स्थित कल्याण सिंह अतिविशिष्ट कैंसर संस्थान अत्याधुनिक तकनीक, विश्वस्तरीय मशीनों और अनुभवी चिकित्सकों के दम पर कैंसर मरीजों को उच्चतम स्तर की सुविधाएं दे रहा है।

संस्थान के निदेशक प्रो. श्री मदन लाल ब्रह्म भट्ट ने प्रेस वार्ता में बताया कि यहां हर हफ्ते छह दिन ओपीडी सेवा चलती है, जिससे रोजाना करीब 400 मरीज लाभान्वित हो रहे हैं। फिलहाल संस्थान में 280 बेड संचालित हैं, जिन्हें जल्द ही 500 तक बढ़ाने की योजना है। आठ ऑपरेशन थिएटरों में हर हफ्ते औसतन 12 से 15 सर्जरी की जा रही हैं।

आधुनिक मशीनें और नई नियुक्तियां

संस्थान में हाल ही में कई अत्याधुनिक मशीनें जोड़ी गई हैं। इनमें साइबर नाइफ, पेट-सीटी, ब्रेकीथेरेपी, डिजिटल रेडियोग्राफी, यूएसजी मशीन और 5.5 करोड़ की लागत से स्थापित डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट शामिल हैं। आने वाले समय में टेमोथेरेपी, डिजिटल पैथोलॉजी और न्यूरोसर्जिकल माइक्रोस्कोप भी उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, एक विश्वस्तरीय ब्लड बैंक भी संचालित हो रहा है।

प्रो. भट्ट ने बताया कि चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए संस्थान में चार नए विभागों को मान्यता दी गई है। साथ ही, आईआईटी जैसे तकनीकी संस्थानों के साथ 11 एमओयू साइन किए गए हैं ताकि शोध और नवाचार को गति मिल सके।

गरीब मरीजों के लिए राहत

संस्थान में इलाज कराने वाले हजारों मरीज प्रधानमंत्री राहत कोष, मुख्यमंत्री राहत कोष, आयुष्मान भारत योजना, आसाध्य रोग योजना और पं. दीनदयाल कैशलेस योजना का लाभ ले रहे हैं। निदेशक ने बताया कि इन योजनाओं के संचालन में उत्तर प्रदेश सरकार का विशेष सहयोग मिल रहा है।

प्रो. भट्ट ने मीडिया से अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस संस्थान की सुविधाओं के बारे में जानें ताकि मरीज भटकने के बजाय यहां सुलभ और किफायती इलाज पा सकें।

कैंसर मरीजों के लिए यह संस्थान न सिर्फ आधुनिक सुविधाओं का केंद्र है, बल्कि आशा और जीवन का नया द्वार भी साबित हो रहा है।

Also Read: Varanasi News: काशी में तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे मॉरीशस के प्रधानमंत्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.