Lucknow News: अब एलडीए खुद करेगा बैनामा, किसानों को मिलेगा एकमुश्त मुआवजा
Lucknow News: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब से एलडीए अपनी नई योजनाओं में जमीन का बैनामा (रजिस्ट्री) खुद करेगा और किसानों को मुआवजा सीधे उनके बैंक खातों में एकमुश्त मिलेगा। इससे बिचौलियों की दखलअंदाजी और किश्तों में पैसे मिलने की समस्या खत्म हो जाएगी।
अब 7 दिन में मिलेगा पूरा भुगतान
पहले मुआवजा जिला प्रशासन और अर्जन विभाग के माध्यम से किश्तों में मिलता था, जिससे किसानों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं। नई व्यवस्था में रजिस्ट्री के 7 दिन के भीतर ही भुगतान RTGS या बैंक ड्राफ्ट से कर दिया जाएगा। रजिस्ट्री के कागजात में भुगतान की तारीख और बैंक खाते का भी जिक्र होगा।
एलडीए ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। ये टीमें बैनामा, भुगतान और जमीन पर कब्जे की निगरानी करेंगी। अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से किसानों का शोषण बंद होगा और उन्हें उचित मुआवजा समय पर मिल सकेगा।
इन योजनाओं में होगी शुरुआत
नई व्यवस्था सबसे पहले बीकेटी की नैमिष बिहार योजना, सुल्तानपुर रोड की आईटी सिटी योजना, वेलनेस सिटी योजना और आगरा एक्सप्रेस-वे की वरुण बिहार योजना में लागू होगी। जल्द ही इन योजनाओं की अधिसूचना और बुकिंग प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे लखनऊ के शहरी विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
Also Read: Varanasi News: गंगा किनारे होगी ऐतिहासिक मुलाकात, वाराणसी आएंगे पीएम मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री

