Lucknow News: अब नहीं काटने पड़ेंगे लंबे चक्कर, NHAI आउटर रिंग रोड पर बनायेगा फुट ओवर ब्रिज

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के आउटर रिंग रोड पर चलने वाले ग्रामीणों और यात्रियों को लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस मार्ग पर बसे गांवों के लोगों की सुविधा के लिए फुट ओवर ब्रिज (FOB) का निर्माण पूरा कर लिया है। इससे गांव वाले आसानी से एक तरफ से दूसरी तरफ जा सकेंगे और सड़क के दोनों ओर के मार्गों से भी बेहतर तरीके से जुड़ पाएंगे।

105 किलोमीटर लंबे इस आउटर रिंग रोड पर करीब एक दर्जन गांवों के पास यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इनमें रैथा, सैदपुर, सराय प्रेमराज और शिवखर जैसे गांव शामिल हैं। साथ ही, सड़क की खराब सतह को भी दुरुस्त किया गया है, जिससे वाहन चालकों को अब सफर के दौरान ऊबड़-खाबड़ रास्तों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का खास ख्याल

पहले आउटर रिंग रोड पर चढ़ने वाले लोग अक्सर भ्रमित हो जाते थे कि स्लिप रोड कहाँ से उतरनी है या कहाँ से चढ़ना है। इस समस्या को देखते हुए NHAI ने अब रास्ते में स्पष्ट साइनबोर्ड लगा दिए हैं। साथ ही, सोलर पैनल से चलने वाले कैमरे और स्पीडोमीटर भी लगाए गए हैं, जिससे वाहनों की गति पर नजर रखी जा सकेगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टॉप भी बनाए गए हैं, जहाँ बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, आने वाले दिनों में ट्रैफिक को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए वैरिएबल मैसेज साइन बोर्ड (VMSB) भी लगाए जाएंगे। ये बोर्ड यात्रियों को रास्ते में आगे जाम की स्थिति या अन्य जरूरी जानकारी देने में मदद करेंगे।

कई प्रमुख मार्गों से जुड़ा है आउटर रिंग रोड

अयोध्या रोड स्थित गोयल इंजीनियरिंग कॉलेज से आउटर रिंग रोड पर चढ़ते ही 11 किलोमीटर का किसान पथ आता है। इसके बाद यह मार्ग सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग, रायबरेली रोड, कानपुर हाईवे, सीतापुर रोड के साथ-साथ बाराबंकी और हरदोई से भी जुड़ता है। इस तरह, NHAI की यह पहल न केवल ग्रामीणों के लिए सुरक्षित पैदल यात्रा सुनिश्चित करेगी, बल्कि आउटर रिंग रोड पर यातायात को भी और सुगम बनाएगी।

 

Also Read: Lucknow News: अवैध तस्करी का खुलासा, 1400 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.