Lucknow News: फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट, पूर्व मंत्री कौशल किशोर को लेकर मचा बवाल
Lucknow News: सोशल मीडिया के दौर में नेताओं की छवि धूमिल करने की कोशिशें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसा ही एक मामला राजधानी लखनऊ में सामने आया है। मोहनलालगंज की भाजपा विधायक जय देवी और उनके पति, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के खिलाफ फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक और भ्रामक टिप्पणियाँ की गईं।
भाजपा कार्यकर्ता सूरज कश्यप ने इस मामले में काकोरी थाने में तहरीर दी। उनका आरोप है कि सुशील रावत नाम का युवक लगातार दोनों नेताओं के खिलाफ गलत पोस्ट डाल रहा है और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
छवि खराब करने का आरोप
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि विधायक जय देवी और पूर्व मंत्री कौशल किशोर ने क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और योजनाओं से जुड़े कई काम कराए हैं, जिन्हें जनता ने सराहा है। ऐसे में सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट डालकर नेताओं की छवि खराब करना और जनता की भावनाओं को भड़काना अराजकता फैलाने की कोशिश है।
मुकदमा दर्ज, साइबर सेल अलर्ट
काकोरी थाना प्रभारी सतीश राठौर ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने आईटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल को भी मामले में लगाया गया है ताकि आरोपी की गतिविधियों और पोस्ट की गहराई से जांच की जा सके। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Also Read: Lucknow News: चप्पल फैक्ट्री खोलने के लिए बनाया किडनैपिंग का प्लान, 24 घंटे में पकड़ा गया आरोपी

