Lucknow News: ‘एक हाथ तिरंगा, एक हाथ रक्तदान’ की पहल, KGMU में 75 लोगों ने किया रक्तदान
Sandesh Wahak Digital Desk: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में, लखनऊ पुलिस मित्र परिवार ने शुक्रवार, 15 अगस्त, 2025 को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के ब्लड बैंक में ‘एक हाथ तिरंगा, एक हाथ रक्तदान’ के संकल्प के साथ एक वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया।

यह शिविर संरक्षक कविंद्र प्रताप सिंह (सेवानिवृत्त आईपीएस) के संरक्षण और टीम के संस्थापक जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस रक्तदान महाअभियान में 150 से अधिक रक्तदाताओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 75 लोगों ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया।

शिविर के मुख्य अतिथि अनिल कुमार सिंह ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि जीवन बचाने की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने युवाओं से बड़ी संख्या में आगे आकर रक्तदान करने की अपील की। शिविर में 11 महिला रक्तदाताओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई, जिससे समाज को प्रेरणा मिली कि महिलाएं भी इस महादान में पीछे नहीं हैं।

इस पुनीत कार्य की शुरुआत पांच नए रक्तवीरों ने भी की, जिनमें उत्तर प्रदेश पुलिस के शैलेंद्र यादव पहले रक्तदाता रहे और उन्हें मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। पवन सिंह और अज़हर भाई की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी रक्तदाताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। इस शिविर में संजय सिंह, नूतन वर्मा, प्रशांत बाजपेयी, रुचि मिश्रा और अधिवक्ता रिचा मिश्रा सहित कई समाजसेवियों और पुलिसकर्मियों ने सक्रिय योगदान दिया, जिससे यह अभियान सफल रहा।

Also Read: आज पीएम मोदी से मिलेंगे शुभांशु शुक्ला, 25 अगस्त को आ सकते हैं लखनऊ

