Lucknow News: बीकेटी विधानसभा में ‘पीडीए पंचायत’ का आयोजन, 2027 की तैयारी में जुटी सपा

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के बीकेटी विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी ने ‘पीडीए पंचायत’ कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष यासिर हयात ने मुख्य भूमिका निभाई। इस कार्यक्रम में मोहनलालगंज के सांसद आर. के. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए सांसद आर. के. चौधरी ने ‘पीडीए पंचायत’ के उद्देश्य पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम उन समुदायों की लड़ाई के लिए है, जिन्हें हमेशा से राजनीतिक, शैक्षणिक और आर्थिक क्षेत्रों में हाशिए पर रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों को सरकार और प्रशासन नजरअंदाज कर रहा है, जिससे उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है।

सांसद चौधरी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इसी लड़ाई को पूरे उत्तर प्रदेश में लड़ रहे हैं। सपा ‘पीडीए’ (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) समाज को एकजुट कर 2027 के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की तैयारी कर रही है, ताकि इन समुदायों को हर क्षेत्र में संपूर्ण भागीदारी मिल सके।

इस मौके पर चिनहट की ब्लॉक प्रमुख ऊषा सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रंजीत यादव और प्रदेश सचिव बदरुल हसन एडवोकेट समेत कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और उन्होंने माला पहनाकर अतिथियों का जोरदार स्वागत किया। स्थानीय निवासियों ने सांसद आर. के. चौधरी को अपने इलाके की खराब सड़क के संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा।

Also Read: Lucknow News: केजीएमयू में भव्य तिरंगा बाइक व तिरंगा साइकिल रैली आयोजित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.