Lucknow News: नेपाल जैसी हिंसा का प्लान? लखनऊ पुलिस ने PM मोदी पर आपत्तिजनक पोस्ट की जांच शुरू की
Lucknow News: नेपाल में पिछले दिनों हुए हिंसक प्रदर्शनों की गूंज अब भारत तक पहुँच गई है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग नेपाल की घटनाओं का हवाला देकर भारत में भी अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी को लेकर बनाए गए एक आपत्तिजनक पोस्ट का स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद लखनऊ पुलिस हरकत में आ गई है।
एडिटेड वीडियो से भड़काने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ निवासी आदित्य सागर अपने इंस्टाग्राम पेज memesguru_ady से एक एडिटेड वीडियो शेयर करता है। वीडियो में भीड़ को एक राजनीतिक पार्टी का झंडा लेकर प्रधानमंत्री मोदी को दौड़ाते हुए दिखाया गया है। यह वीडियो ‘#वोटचोरी’ हैशटैग के साथ अगस्त में पोस्ट किया गया था।
मामले ने तूल तब पकड़ा जब वीडियो के कॉमेंट्स सेक्शन में नेपाल हिंसा का ज़िक्र करते हुए लोगों से एकजुट होने और “प्लानिंग” करने की अपील की गई। एक कॉमेंट में आरोपी ने यहां तक लिखा – “2023 श्रीलंका, 2024 बांग्लादेश, 2025 नेपाल और अब…?”

ग्रुप बनाकर साजिश का इशारा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आदित्य ने अपने फॉलोअर्स से कहा – “ग्रुप बन गया है… अब तारीख़ और समय तय करो, प्लान बनाओ और सुझाव दो। सब कुछ यहीं होगा।” इससे शक गहराता है कि वह नेपाल जैसी हिंसा की तर्ज पर भारत में भी युवाओं को भड़काने की कोशिश कर रहा है।
सोशल मीडिया पर विरोध, पुलिस जांच में जुटी
इस पूरे प्रकरण का स्क्रीनशॉट ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। लोग लगातार यूपी पुलिस और लखनऊ पुलिस को टैग करके आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए यूपी पुलिस के आलाधिकारियों ने इसे साइबर सेल को सौंप दिया है। लखनऊ पुलिस ने भी अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) अकाउंट से प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि – “मामले की जांच की जा रही है, दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
Also Read: नेपाल जेल से भागे कैदियों ने की भारत में घुसने की कोशिश, 5 गिरफ्तार

