Lucknow News: शहीद पथ पर चलती कार पर फायरिंग, आरोपी ने इंस्टाग्राम पर डाला ट्रेलर वाला स्टेटस

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के शहीद पथ पर रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक बदमाश ने चलती कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। बताया जा रहा है कि वारदात आपसी रंजिश के चलते की गई। गोलीबारी में कार सवार युवक बाल-बाल बच गया, लेकिन उसकी गाड़ी के दरवाजे और शीशे गोलियों से छलनी हो गए।

फायरिंग के बाद इंस्टाग्राम पर डाली रील

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की पहचान रितिक पोखाल उर्फ भोला के रूप में हुई है। आरोपी ने स्विफ्ट डिजायर कार से आकर चलती गाड़ी पर दो राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गया। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के बाद रितिक ने सोशल मीडिया पर एक इंस्टाग्राम रील पोस्ट की, जिसमें उसने लिखा, “अभी तो ट्रेलर था, फिल्म बाकी है।” वहीं इस पोस्ट के बाद पीड़ित और उसके परिवार में दहशत फैल गई है।

सोशल मीडिया पर हथियारों की रीलें

पुलिस के मुताबिक, रितिक पोखाल लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और लंबे समय से सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रीलें बनाता रहा है। वह इलाके में एक स्थानीय गैंग चलाता है और अवैध वसूली, धमकी और रंगदारी जैसी वारदातों में शामिल है। उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ के मामले भी शामिल हैं।

पुलिस की दबिशें तेज

वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कारतूस के खोखे बरामद किए। अब पुलिस ने आरोपी रितिक की तलाश में कई ठिकानों पर दबिशें शुरू कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

 

Also Read: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंबाला एयरबेस से राफेल फाइटर जेट में भरी उड़ान, 30 मिनट तक आसमान में रहीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.