Lucknow News: आम आदमी की पहुंच से दूर ‘अनंत नगर योजना’ के प्लाट
जिसकी हैसियत 50 लाख खर्च करने की वही कर सकेगा आवेदन
Sandesh Wahak Digital Desk: शहर के सुनियोजित विकास और विभिन्न आय वर्ग के लोगों को आवास मुहैया कराने की जिम्मेदारी लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए)की है। लेकिन एलडीए की अनंत नगर आवासीय योजना से एक बड़े आय वर्ग को निराशा झेलनी पड़ी है। इस निराशा ने कहीं न कहीं आम आदमी को यह अहसास करा दिया है कि अब प्लाट के लिए एलडीए से उम्मीद छोड़ दें।

एलडीए की ओर से अनंत नगर योजना के संबंध में जारी किए गए विज्ञापन को देखकर यही लगता है मानों अनंत नगर योजना बड़े उद्योगपति, व्यापारियों, नेता व अफसरों के लिए लॉन्च की गई है वो भी विज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फोटो लगाकर।

जिसकी हैसियत 50 लाख खर्च करने की वही कर सकेगा आवेदन
एलडीए की ओर से खोले गए पंजीकरण के अनुसार जिसकी हैसियत 50 लाख रुपए खर्च करने की हो वही एलडीए के प्लाट के लिए आवेदन कर सकता है क्योंकि अनंत नगर योजना में सबसे छोटा प्लाट 112.5 वर्ग मीटर (1210 वर्गफुट)का है, जिसकी कीमत 41150 रुपए प्रति वर्ग मीटर निर्धारित है। ऐसे में प्लाट की कीमत 46,29,375 रुपए होगी जिसमें रजिस्ट्री शुल्क अतिरिक्त खर्च करना होगा।

अनंत नगर आवासीय योजना में छोटे-बड़े कुल 2500 भूखंड प्रस्तावित हैं। जिनको ए, बी, सी, डी व ई श्रेणी में बांटा गया है। ‘ए’ श्रेणी का भूखंड 450 वर्गमीटर (4843 वर्गफुट) का है जिसकी कीमत 1,85,17,500 है। इसी तरह ‘बी’ श्रेणी का भूखंड 288 वर्गमीटर (3100 वर्गफुट) का है जिसकी कीमत 1,18,51,200 है। वहीं, ‘सी’ श्रेणी का भूखंड 200 वर्गमीटर (2152 वर्गफुट) का है,उसकी कीमत 82,30000 है। ‘डी’ श्रेणी का भूखंड 162 वर्गमीटर (1743 वर्गफुट)है और कीमत 66,66,300 है। योजना के सबसे छोटे ‘ई’ श्रेणी के 112.5 वर्ग मीटर (1210 वर्गफुट) के भूखंड की चर्चा शुरुआत में ही हो चुकी है। वर्षों बाद लखनऊ में लॉन्च हुई इस योजना ने आम जनता को उनकी हैसियत का एहसास करा दिया है। यह हम नहीं कह रहे बल्कि एलडीए द्वारा प्रकाशित विज्ञापन खुद इसकी गवाही दे रहा है।

छोटे भूखंड की आशा, एलडीए से मिली निराशा
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की ओर से काफी समय बाद इतने बड़े पैमाने पर भूखंड लॉन्च किए गए हैं। जिसको लेकर लोगों में खासा उत्साह था, विभागीय सूत्र बताते हैं कि रोजाना तमाम लोग भूखंड संबंधी जानकारी लेने एलडीए पहुंच रहे हैं। ज्यादातर लोग 600 व 800 वर्गफुट के प्लाट की उपलब्धता के बारे में जानकारी लेते हैं,लेकिन छोटे भूखंड न होने के चलते उन्हें निराश होना पड़ रहा है।
…तो कैसे रुकेगा अनियोजित विकास
पिछले कुछ वर्षों में शहर में अनियोजित विकास में बढ़ोत्तरी हुई है क्योंकि लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) सस्ती दरों पर लोगों को प्लाट व घर उपलब्ध नहीं करा पा रहा है यही वजह है कि अवैध कालोनियां ग्राहकों को ज्यादा लुभा रहीं हैं। शहर में चौतरफा अवैध कालोनियों व प्लाटिंग की भरमार है। बाद में यही कालोनियां नगर निगम अफसरों के लिए मुसीबत खड़ी करतीं हैं।
अनंत नगर आवासीय योजना में 112.5 वर्ग मीटर से छोटे प्लाट नहीं हैं, इससे कम कीमत में फ्लैट की उपलब्धता है। आगामी योजनाओं में इस पर विचार किया जाएगा।प्रथमेश कुमार, उपाध्यक्ष, एलडीए
रिपोर्ट : विनय शंकर अवस्थी
Also Read: प्रयागराज में STF का बड़ा ऑपरेशन: मुठभेड़ में गैंगस्टर आशीष रंजन गिरफ्तार, हथियार बरामद


