Lucknow News: पुलिस के हत्थे चढ़े 4 नाबालिग चोर, लाइसेंसी पिस्टल और नकदी बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस ने चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए चार नाबालिग चोरों को पकड़ा है। इन नाबालिगों ने एक सिक्योरिटी एजेंसी के ऑफिस से लाइसेंसी पिस्टल और नकदी चुराई थी, वहीं एक बंद घर से जेवरात पर हाथ साफ किया था।

चोरी की दो घटनाएं

गाजीपुर पुलिस के मुताबिक, पहली घटना 12 अगस्त को सुरेंद्र नगर इलाके में हुई थी। यहां रहने वाले जगजीवन राम के घर का ताला तोड़कर चोरों ने जेवरात चुराए थे। दूसरी घटना 16 अगस्त को इंदिरा नगर के सेक्टर-7 में हुई, जहां संदीप वर्मा की सिक्योरिटी एजेंसी ‘सर्विलेंस डिटेक्टिव एजेंसी प्राइवेट लिमिटेड’ का ताला तोड़कर चोरों ने ऑफिस में रखी एक .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, 12 कारतूस और 150 रुपये चुरा लिए थे।

सीसीटीवी फुटेज से मिली मदद

इन दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की तलाश शुरू की। 18 अगस्त को गाजीपुर पुलिस को सूचना मिली कि चार संदिग्ध युवक एक मोटरसाइकिल पर पॉलिटेक्निक चौराहे से गुजर रहे हैं। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे भागने लगे। पीछा करने के बाद पुलिस ने उन्हें सेक्टर 25 चौराहे के पास फ्लाईओवर के नीचे धर दबोचा।

चोरी का सामान और नकदी बरामद

पकड़े गए चारों चोर नाबालिग निकले। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई लाइसेंसी पिस्टल, 12 कारतूस और 8,220 रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम उन्होंने चोरी किए गए जेवरातों को बेचकर हासिल की थी। पुलिस ने उनके द्वारा इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। पुलिस ने बताया कि नाबालिगों को संरक्षण में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Also Read: Barabanki News: लापरवाही पर सख्त हुए जिलाधिकारी, बिना सूचना गैरहाजिर अधिकारी का रोका वेतन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.