Lucknow News: पुलिस ने नाबालिग को किया सकुशल बरामद, आरोपी शाहजहांपुर से गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की हसनगंज पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पिछले साल अक्टूबर से लापता एक 16 वर्षीय किशोरी को बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने शाहजहांपुर के रहने वाले 21 वर्षीय युवक अमित कुमार को गिरफ्तार किया है, जिस पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अगवा करने का आरोप है।
क्या है पूरा मामला?
बीते 27 अक्टूबर 2025 को पीड़िता के भाई ने हसनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। भाई का आरोप था कि अमित कुमार नामक युवक उसकी बहन को शादी का झांसा देकर और बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की थी।
नाबालिग निकली पीड़िता, बढ़ीं आरोपी की मुश्किलें
गुरुवार, 8 जनवरी को पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर पीड़िता को डालीगंज पुल के पास से सकुशल बरामद कर लिया। जांच और दस्तावेजों के आधार पर यह सामने आया कि पीड़िता की उम्र महज 16 वर्ष है। नाबालिग होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दर्ज मामले में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की गंभीर धाराएं जोड़ दी हैं।
आईटी चौराहे से दबोचा गया आरोपी
प्रभारी निरीक्षक चितवन कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आज घेराबंदी कर आरोपी अमित कुमार को आईटी चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। अमित मूल रूप से शाहजहांपुर के सिमरा ढभौरा का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिजनों ने अपनी बेटी के सुरक्षित वापस मिलने पर लखनऊ पुलिस का आभार जताया है।
Also Read: बेलगावी में शुगर फैक्ट्री के बॉयलर में विस्फोट से 6 मजदूरों की मौत, परिजनों में भारी आक्रोश

