Lucknow News: पूजा लोधी हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के थाना बिजनौर क्षेत्र के सरयू बिहार कालोनी में हुई एक हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरज यादव उर्फ कल्याण सिंह उर्फ हुकुम को गिरफ्तार किया। सूरज यादव पर आरोप है कि उसने अपनी प्रेमिका पूजा लोधी की हत्या कर दी थी। इस संबंध में थाना बिजनौर पर 16 फरवरी 2025 को मामला दर्ज किया गया था और आरोपी की तलाश जारी थी।
अभियुक्त सूरज यादव को आज सुबह 9:30 बजे अलीनगरखुर्द के किसानपथ अंडरपास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात पूजा लोधी से पांच साल पहले मोहनलालगंज स्थित कारेबीर मंदिर में हुई थी। दोनों के बीच प्यार हुआ और उन्होंने एक-दूसरे से मोबाइल नंबर ले लिए थे। पूजा का पति दिनेश उसके साथ मारपीट करता था, इस वजह से पूजा ने बिजनौर के सरयू बिहार कालोनी में एक किराए का कमरा लिया था।
गिरफ्तारी के बाद सूरज यादव ने पुलिस को बताया कि 15 फरवरी 2025 को जब वह पूजा के कमरे पर पहुंचा था, तो पूजा ने उससे शादी करने की मांग की और कहा कि यदि वह ऐसा नहीं करेगा, तो वह उसे फंसा देगी। इस पर आरोपी ने गुस्से में आकर पूजा का गला काले धारीदार दुपट्टे से घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ने पूजा की स्कूटी को चुराकर मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पूजा की चोरी की गई स्कूटी UP32PD6072 और हत्या में प्रयुक्त काला धारीदार दुपट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी सूरज यादव को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के लिए कोर्ट में पेश किया है। इस घटना में धारा 317 बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।
अभियुक्त का विवरण:
- नाम: सूरज यादव उर्फ कल्याण सिंह उर्फ हुकुम
- पिता का नाम: अर्जुन सिंह
- ग्राम: अहमदखेड़ा, थाना मोहनलालगंज, लखनऊ
- उम्र: 24 वर्ष
- व्यवसाय: चपरासी

बरामदगी:
- पूजा की चोरी की गई स्कूटी UP32PD6072
- हत्या में प्रयुक्त काला धारीदार दुपट्टा
पंजीकृत अपराध:
मु0अ0सं0 41/25, धारा 103(1)/315/317 बीएनएस, थाना बिजनौर लखनऊ
Also Read: Lucknow News: लखनऊ में चोर गिरोह का भंडाफोड़, चोरी की स्कूटी के साथ आरोपी गिरफ्तार

