Lucknow News: लखनऊ में लगा ‘वोट चोरी के विरुद्ध युद्ध’ का पोस्टर, राहुल-अखिलेश को दिखाया गया श्रीकृष्ण के रथ पर
Lucknow News: राजधानी की राजनीति एक बार फिर पोस्टर-वार से गर्मा गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के दफ्तर के बाहर लगे एक बड़े होर्डिंग ने बीजेपी पर सीधा वार किया है। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने यह होर्डिंग लगवाया है, जिसमें भगवद्गीता के श्लोक के साथ लिखा गया है— “वोट चोरी के विरुद्ध युद्ध”।
इस होर्डिंग में भगवान श्रीकृष्ण को रथ पर सवार दिखाया गया है। खास बात यह है कि रथ पर श्रीकृष्ण के साथ राहुल गांधी और अखिलेश यादव की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। राहुल गांधी को कृष्ण के दाहिने और अखिलेश यादव को बाईं ओर दिखाया गया है। यह तस्वीर दोनों दलों के बीच बढ़ती नजदीकियों और इंडिया गठबंधन की एकजुटता का साफ संदेश दे रही है।
‘वोट चोरी’ को बना मुद्दा
पोस्टर पर गीता का प्रसिद्ध श्लोक “यदा-यदा हि धर्मस्य…” भी लिखा गया है, जो यह दर्शाता है कि लोकतंत्र की रक्षा और ‘धर्म की पुनर्स्थापना’ के लिए संघर्ष जरूरी है। इसके नीचे मोटे अक्षरों में लिखा गया— “वोट चोरी के विरुद्ध युद्ध”। यह नारा सीधे तौर पर बीजेपी पर निशाना साधते हुए जनता से अपील करता है कि लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ाई अब सड़कों और वोटिंग बूथ दोनों पर लड़ी जाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस ने राहुल गांधी की बिहार यात्रा के दौरान उठाए गए मुद्दे को यूपी तक लाने की रणनीति बनाई है। राहुल गांधी इन दिनों बिहार में वोटर अधिकार यात्रा कर रहे हैं और लगातार वोट चोरी के आरोप को मुद्दा बना रहे हैं। अब लखनऊ में इस पोस्टर के जरिए उसी बहस को यूपी की राजनीति में हवा देने की कोशिश हो रही है।
कांग्रेस नेता का बयान
युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने कहा, “यह सिर्फ एक राजनीतिक लड़ाई नहीं है, बल्कि जनता के अधिकारों और लोकतंत्र की आत्मा को बचाने का आंदोलन है। किसी भी कीमत पर वोट चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
इस पोस्टर वार ने सियासी हलचल तेज कर दी है। विपक्ष का यह नया हमला बीजेपी को घेरने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, वहीं राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि क्या इस तरह के धार्मिक प्रतीकों वाले पोस्टर आम जनता पर गहरा असर डाल पाएंगे।
Also Read: मशहूर एक्टर पाला सुरेश का दिल का दौरा पड़ने से निधन, इंडस्ट्री में शोक की लहर

