Lucknow News: मुर्शिदाबाद मस्जिद निर्माण को लेकर चौराहों पर लगे पोस्टर, 10 फरवरी को कूच का ऐलान

Lucknow News: मुर्शिदाबाद में बन रही बाबरी मस्जिद की तर्ज पर नई मस्जिद के निर्माण के विरोध में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विभिन्न चौराहों पर पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टर्स में मुर्शिदाबाद में बन रही नई मस्जिद के निर्माण का विरोध करते हुए मुर्शिदाबाद कूच का ऐलान किया गया है। शहर के कई प्रमुख स्थानों पर लगाए गए इन पोस्टर्स ने राजनीतिक और सामाजिक हलचल बढ़ा दी है।

हुमायूं कबीर को दी गई चुनौती

विश्व हिंदू रक्षा परिषद की ओर से लगाए गए इन पोस्टर्स में पश्चिम बंगाल के नेता हुमायूं कबीर को चुनौती देते हुए लिखा गया है कि हुमायूं हम आएंगे, बाबरी फिर से गिराएंगे। इसके साथ ही बंटोगे तो कटोगे के नारे के साथ 10 फरवरी को मुर्शिदाबाद कूच का ऐलान किया गया है।

दरअसल इस पोस्टर में पश्चिम बंगाल के नेता हुमायूं कबीर को मुगल आक्रांता के रूप में दिखाया गया है। इसके साथ ही पोस्टर में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर भी लगाई गई है। लखनऊ के 1090 चौराहा, अंबेडकर चौराहा, हजरतगंज चौराहे समेत शहर के अलग-अलग हिस्सों में ये पोस्टर लगाए गए हैं। विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय की ओर से मुर्शिदाबाद कूच करने की अपील की गई है।

पोस्टर में लिखे नारे और अपील

पोस्टर में सबसे ऊपर विश्व हिंदू रक्षा परिषद लिखा गया है। इसके नीचे हुमायूं हम आएंगे, बाबरी फिर से गिराएंगे लिखा गया है। तीसरी लाइन में बड़े अक्षरों में बंटोगे तो कटोगे लिखा गया है। इसके बाद लिखा गया है कि हिंदुओं की विरोधी सरकार में इस बार होगा मुर्शिदाबाद में नई बाबरी पर आर-पार। सबसे नीचे लोगों से चलो मुर्शिदाबाद 10 फरवरी की अपील की गई है।

11 फरवरी से शुरू होगा मस्जिद निर्माण

जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल के पूर्व टीएमसी नेता हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद में बाबरी की तर्ज पर मस्जिद बनाने का ऐलान किया था। इस मस्जिद की आधारशिला 6 दिसंबर 2025 को रखी गई थी और निर्माण कार्य 11 फरवरी से शुरू होने वाला है। हुमायूं कबीर के मुताबिक एक बड़े कॉम्प्लेक्स में मस्जिद के अलावा इस्लामिक अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और शिक्षण संस्थान भी शामिल होंगे। 11 फरवरी को होने वाले आयोजन को लेकर मुर्शिदाबाद में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वहीं विश्व हिंदू रक्षा परिषद के मुर्शिदाबाद कूच के ऐलान से प्रशासन की मुसीबतें बढ़ सकती हैं।

 

Also Read: एपस्टीन फाइल्स में नाम आने के दावों पर Dalai Lama की सफाई, आरोपों को बताया भ्रामक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.