Lucknow News: शातिर गैंगस्टर शकुंतला शर्मा की 44.67 लाख की संपत्ति जब्त, लग्ज़री गाड़ी भी कुर्क

Sandesh Wahak Digital Desk: अपराध की दुनिया में सक्रिय और कई मामलों में वांछित गैंगेस्टर शकुंतला शर्मा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की कार्रवाई में शकुंतला की लगभग 44 लाख 67 हजार रुपये की संपत्ति को कुर्क कर लिया गया। यह संपत्ति शकुंतला के द्वारा अपराध के जरिये अर्जित की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, कुर्क की गई संपत्ति में एक लग्ज़री वाहन फॉर्च्यूनर लेजेंडर (UP 32 PX 6660) शामिल है, जिसकी खरीद की कीमत 44,67,353 रुपये और मौजूदा बाजार मूल्य लगभग 40 लाख रुपये है। ये कार उसने 20 अक्टूबर 2024 को खरीदी थी, जबकि उसके पास इस खर्च के लिए किसी वैध आय का स्रोत नहीं मिला है। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट और समाज विरोधी गतिविधियों की रोकथाम अधिनियम 1986 की धारा 14(1) के तहत की गई है। आदेश संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) लखनऊ द्वारा पारित किया गया।

अपराध की दुनिया में बिछाया जाल

38 वर्षीय शकुंतला शर्मा पत्नी राकेश शर्मा उर्फ राकेश कुमार शर्मा, मूल रूप से बरपुर, थाना सरायलखंसी, जनपद मऊ की निवासी है, और वर्तमान में दयाल फार्म हाउस, मटियारी, थाना चिनहट, लखनऊ में रह रही है। शकुंतला पर संगठित अपराधों की एक लंबी फेहरिस्त है। वह अपने गिरोह के साथ मिलकर धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र, जालसाज़ी, धमकाने, धमकी देकर वसूली और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ थाना गोमतीनगर में वर्ष 2024 से लेकर अब तक कुल 5 मामले दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट सहित BNS की कई धाराओं के तहत केस चल रहे हैं।

पुलिस की रिपोर्ट में क्या सामने आया? 

गोमतीनगर विस्तार थाना प्रभारी की रिपोर्ट में बताया गया कि शकुंतला धीरे-धीरे एक संगठित गिरोह की सरगना बन गई थी। उसने आपराधिक तरीकों से न सिर्फ पैसे कमाए, बल्कि अपने नाम पर महंगी गाड़ियाँ और संपत्तियाँ भी बनाई। जांच में यह भी सामने आया है कि शकुंतला की संलिप्तता अपराधियों के एक सक्रिय सिंडिकेट से है, जो धन उगाही और दस्तावेजों की कूटरचना जैसे मामलों में लिप्त है। इस नेटवर्क के ज़रिये शकुंतला ने अपने आर्थिक लाभ के लिए अपराध की एक सुनियोजित श्रृंखला खड़ी कर ली थी।

 

कुर्की की यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है। पुलिस का कहना है कि शकुंतला शर्मा और उसके नेटवर्क की जाँच आगे भी जारी रहेगी। जल्द ही अन्य संपत्तियों और बैंक खातों की जांच भी की जा सकती है।

Also Read: बलिया में गरमाया सियासी संग्राम: पूर्व सांसद और पूर्व विधायक के…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.