Lucknow News: अवध बस स्टेशन पर डग्गामारी के खिलाफ रोडवेज कर्मचारियों का हंगामा, बसों का संचालन ठप, यात्री परेशान

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के अवध बस स्टेशन पर मंगलवार को डग्गामारी (बिना परमिट वाहनों के संचालन) के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के चलते सुबह से ही बसों का संचालन ठप हो गया, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्री घंटों तक अपने गंतव्य के लिए बसों का इंतजार करते नजर आए।

डग्गामार वाहनों की वजह से सवारियां घटती जा रही।

प्रदर्शन कर रहे रोडवेजकर्मियों ने परिवहन विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि बिना परमिट के चलने वाले डग्गामार वाहनों को खुली छूट मिली हुई है, जिससे रोडवेज की आमदनी प्रभावित हो रही है। कर्मचारियों का कहना है कि विभाग उन्हें तय लक्ष्य के अनुसार राजस्व जमा करने का दबाव बनाता है, जबकि डग्गामार वाहनों की वजह से सवारियां घटती जा रही हैं।

लक्ष्य के अनुसार पैसा जमा न होने पर काटती है हमारी सैलरी।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे चालक धर्मेंद्र श्रीवास्तव ने बताया, “यदि हम विभाग द्वारा तय लक्ष्य के अनुसार पैसे नहीं जमा कर पाते हैं, तो हमारी सैलरी से सीधे तीन हजार रुपये काट लिए जाते हैं। लेकिन डग्गामार वाहन बेधड़क हमारे निर्धारित रूट पर चल रहे हैं। उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। यह दोहरा मापदंड हमारे साथ अन्याय है ।”कर्मचारियों ने मांग की कि डग्गामार वाहनों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और जब तक प्रशासन इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

हालात को देखते हुए बस अड्डे पर पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा लेकिन आम यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्रियों ने निजी वाहनों का सहारा लिया, जबकि कुछ लोग वापस लौट गए। वहीं,प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Also Read: जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निधन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.