Lucknow News: मोतीमहल लॉन में रोजा इफ्तार पार्टी, अखिलेश यादव बोले- दिलों को जोड़ते हैं ऐसे आयोजन
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के मोतीमहल लॉन में पूर्व मंत्री सलाहुद्दीन सिद्दीकी उर्फ मुश्शन की ओर से रोजेदारों के लिए रोजा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रोजेदारों ने शामिल होकर रोजा इफ्तार किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मौजूद रहे।
रोजा इफ्तार के बाद हजरत मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद उन्होंने देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारा कायम रहने की विशेष दुआ की।

“ऐसे आयोजन समाज को जोड़ते हैं”
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिलेश यादव ने कहा कि इस तरह के आयोजन दिलों को जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम केवल एक आयोजन भर नहीं होते, बल्कि समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोने और समाजवाद के मूल्यों को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम बनते हैं।
उन्होंने इस तरह के आयोजनों को ऐतिहासिक बताते हुए इसे गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम देश में भाईचारे और एकता को मजबूत करने का जरिया बनते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।

कई प्रमुख नेता रहे मौजूद
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा, पेश ईमाम ईदगाह लखनऊ मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और रविदास मेहरोत्रा की उपस्थिति प्रमुख रही।
इसके अलावा फरीद महफूज किदवई, विधायक जासमीर अंसारी, पूर्व डीजीपी रिजवान अहमद, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शकील नदवी, यामीन खान और राशिद अली मीनाई सज्जादानशीन शाहमीना शाह लखनऊ भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में मौलाना सूफियान निजामी, कुंवर फतेह बहादुर आईएएस, अदनान चौधरी, विकास यादव, श्रीमती जूही सिंह, सुश्री पूजा शुक्ला, जिलाध्यक्ष लखनऊ जयसिंह जयंत, पार्षद कामरान बेग, प्रवक्ता दीपक रंजन, प्रवक्ता फखरूल हसन चांद, नवीन धवन बंटी, सैय्यद यावर हुसैन रेशू और जिला महासचिव शब्बीर अहमद की मौजूदगी भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों ने आपसी भाईचारे और एकता के संदेश को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
Also Read: जो मुकाबला नहीं कर पाए, अफवाहों के जरिए अराजकता-अव्यवस्था फैला रहेः सीएम योगी

