Lucknow News: सहारा समूह के कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन, लंबित वेतन और पीएफ भुगतान की मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में सहारा समूह के सैकड़ों कर्मचारियों ने मंगलवार को गोमती नगर स्थित ‘सहारा शहर’ परिसर में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपना लंबित वेतन और पीएफ (भविष्य निधि) भुगतान न होने के विरोध में कामकाज ठप कर दिया और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि साल 2014 से अब तक उनका भविष्य निधि (PF) जमा नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने अपना पूरा जीवन सहारा समूह की सेवा में समर्पित कर दिया, लेकिन जब उन्हें सबसे ज्यादा आर्थिक मदद की जरूरत है, तब कंपनी ने उनकी मेहनत की कमाई रोक रखी है।
धरने में शामिल एक वरिष्ठ कर्मचारी ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा, “हमने पूरी जिंदगी सहारा को दे दी, अब हमारी जिंदगीभर की कमाई फंसी हुई है। पहले हमारा पैसा दो, फिर कंपनी को बंद करो या जो करना है करो, लेकिन हमारे साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।”
बड़े आंदोलन की चेतावनी, सरकार से हस्तक्षेप की मांग
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनके बकाया वेतन और पीएफ का भुगतान नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ेंगे और कानूनी कार्रवाई करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और श्रम विभाग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक उनका वेतन और पीएफ क्लियर नहीं किया जाता, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
विरोध प्रदर्शन के दौरान, सहारा समूह की ओर से कोई भी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, और न ही अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है, जिससे कर्मचारियों में और भी अधिक नाराजगी देखी गई।
Also Read: Bareilly News: जुमे की नमाज से पहले शहर छावनी में तब्दील, 48 घंटे के लिए इंटरनेट बंद

