Lucknow News: लखनऊ में फर्जी ‘DCP Law & Order’ लिखी कार में दिखे स्कूली बच्चे
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पुलिस और प्रशासन की चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। हजरतगंज स्थित हिंदी संस्थान के पास एक सफेद रंग की कार खड़ी थी, जिसकी छत पर पुलिस की लाल-नीली बत्ती लगी थी और फ्रंट शीशे पर बड़े-बड़े लाल अक्षरों में ‘DCP Law & Order’ लिखा था। कार से अचानक 12 से 14 साल उम्र के चार स्कूली बच्चे उतरे और पास की चाय की दुकान पर जाकर चाय पीने लगे। बच्चों का ये बेखौफ अंदाज देख लोग हैरान रह गए।
‘DCP Law & Order’ जैसा कोई पद नहीं
जांच में सामने आया कि ‘DCP Law & Order’ जैसा कोई पद उत्तर प्रदेश पुलिस में मौजूद ही नहीं है, यानी यह पूरी तरह फर्जी था। वहीं, वाहन के रजिस्ट्रेशन की पड़ताल में पता चला कि यह राम जी शुक्ला नाम के व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है, जो सीतापुर रोड के पास रहते हैं। रजिस्ट्रेशन में दर्ज मोबाइल नंबर लखनऊ के चौक स्थित बीआर हुंडई शोरूम का निकला, जिसने बताया कि यह नंबर 2021 से उनके पास है।

नियमों की खुली धज्जियां उड़ी
यह मामला न सिर्फ नियमों की खुली धज्जियां उड़ाता है, बल्कि सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन बच्चों को ऐसी गाड़ी में बैठने और पुलिस अफसर जैसा रौब दिखाने की छूट किसने दी? क्या गाड़ी मालिक के पुलिस या राजनीतिक संबंध हैं, या फिर बच्चों के परिजन खुद उन्हें इस तरह भेज रहे हैं?
रौब दिखाने का यह फर्जी तरीका तुरंत रोका जाना चाहिए
कानून व्यवस्था के नाम पर इस तरह की नकल करना गैरकानूनी है और पुलिस रौब दिखाने का यह फर्जी तरीका तुरंत रोका जाना चाहिए। पुलिस प्रशासन को इस मामले में सख्त जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करनी होगी, ताकि भविष्य में कोई और इस तरह का ‘फर्जी पावर शो’ न कर सके।
Also Read: Siddharthnagar News: दाढ़ी बनवाते युवक पर उस्तरे से हमला, हालत गंभीर

