Lucknow News: लखनऊ में डायरिया से दूसरी मौत, नगर निगम की टीम पहुंची तो घर पर लगा मिला ताला
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में डायरिया का कहर जारी है। मंगलवार को इस बीमारी से एक किशोरी की मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई है। यह डायरिया से हुई दूसरी मौत है। इस खबर के बाद नगर निगम की टीम बृहस्पतिवार को इलाके में साफ-सफाई के लिए पहुंची, लेकिन मृतक किशोरी के परिजन अपने घर पर ताला लगाकर अपने गृह जिले बलिया चले गए।
क्या है पूरा मामला
जानकीपुरम के सेक्टर-8 में बलिया के रहने वाले उमाशंकर सिंह अपने परिवार के साथ झोपड़ी में रहते हैं। हाल ही में उनकी बेटी सरिता (17) और बेटे अर्जुन (15) की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। अर्जुन की हालत में तो सुधार हो गया, लेकिन सरिता की हालत लगातार बिगड़ती गई।
सरिता की मां सरोजनी ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि डॉक्टरों ने सही समय पर सरिता को रेफर नहीं किया। जब सरिता की हालत ज्यादा गंभीर हुई, तो उसे बलरामपुर अस्पताल रेफर किया गया, जहां मंगलवार देर रात उसने दम तोड़ दिया।
स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की कार्रवाई
इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इलाके का दौरा किया। हालांकि, वे अभी भी स्थिति को सामान्य बता रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर, नगर निगम की टीम इलाके में साफ-सफाई करने पहुंची, लेकिन जब तक वे वहां पहुंचे, परिवार घर में ताला लगाकर अपने गांव चला गया था। इस घटना से एक बार फिर साफ-सफाई और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
Also Read: Varanasi News: वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिला जिंदा कारतूस, मचा हड़कंप

