Lucknow News: गणपति विसर्जन में सुरक्षा इंतज़ामों की खुली पोल, पत्रकार पर हमला
Lucknow News: राजधानी में गणपति विसर्जन को लेकर पुलिस और प्रशासन भले ही बड़े-बड़े दावे करते रहे हों, लेकिन हकीकत में हालात बिल्कुल उलटे नज़र आए। बीते 27 अगस्त से लगातार निकल रही शोभायात्राओं ने शहर की प्रमुख सड़कों पर घंटों लंबा जाम लगाया। वहीं, विसर्जन स्थलों पर सफाई से लेकर भीड़ नियंत्रण तक की व्यवस्थाएं ध्वस्त दिखाई दीं।
झूलेलाल पार्क में अराजकता, पत्रकार घायल
गुरुवार को झूलेलाल पार्क के घाट पर गणेश विसर्जन के दौरान हुई अव्यवस्था में एक पत्रकार घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, घाट पर कुछ लोग शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे थे। जब पीएसी बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे पुलिस से ही उलझ पड़े।
इस बीच कवरेज करने पहुंचे पत्रकार कुलदीप ने इस पूरी घटना को कैमरे में कैद करने की कोशिश की। तभी पीछे से आए अराजक तत्वों ने गालियां देते हुए उन्हें धक्का दे दिया। पत्रकार गिर पड़े और उनके हाथों में गंभीर चोट आई, साथ ही कैमरा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मौके पर मौजूद एक युवक ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि जब पत्रकार ने विरोध किया तो शराबियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और मारपीट करने लगे। जान बचाने के लिए पत्रकार को वहां से भागना पड़ा।
पुलिस व्यवस्था पर सवाल
सबसे बड़ा सवाल ये है कि जब गोमती नदी में प्रतिमा विसर्जन पर पहले से ही रोक लगी है, तो आखिर लोग बैरिकेटिंग के भीतर तक कैसे पहुंचे? यह लापरवाही सीधे-सीधे पुलिस के इंतज़ामों पर सवाल खड़ा करती है।
घायल पत्रकार ने लखनऊ पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Also Read: BCCI का नया मास्टरस्ट्रोक, टीम इंडिया की स्पॉन्सरशिप से 3 साल में होगी बंपर कमाई

